झमाझम बारिश से खुशनुमा हुआ मौसम
झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। तापमान लुढ़कने से गर्मी से राहत मिल सकी। एक सप्ताह पूर्व भीषण गर्मी पड़ रही थी। गर्मी से लोग बेहाल थे। पारा 42 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया था।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। तापमान लुढ़कने से गर्मी से राहत मिल सकी। एक सप्ताह पूर्व भीषण गर्मी पड़ रही थी। गर्मी से लोग बेहाल थे। पारा 42 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया था।
शुक्रवार को आंधी-बारिश के साथ मौसम का मिजाज बदल गया। आंधी से बागवान को नुकसान पहुंचा। इसके बाद शनिवार को भी बादलों की आवाजाही रही। रविवार की तड़के बूंदाबांदी हुई। इसके बाद बादल छाए रहे। शाम करीब चार बजे काली घटा छा गई और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हुई। बारिश इतनी तेज थी कि सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। बारिश से मौसम सुहावना हो गया। गर्मी से लोगों को राहत मिल सकी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। बारिश 6.4 मिमी रिकार्ड की गई। केवीके बघरा के प्रभारी पीके सिंह का कहना है कि बारिश से फसलों को कोई नुकसान नहीं है। तीन-चार जून तक बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को कहीं भी टिड्डी दिखाई दें तो वह तुरंत इसकी सूचना कृषि विज्ञान केंद्र बघरा के वैज्ञानिकों या कृषि विभाग को दें।
छपार: रविवार शाम को झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिल सकी। बारिश के कारण नेशनल हाइवे पर पानी-पानी हो गया। छपार के अलावा रामपुर तिराहा, बरला, बसेड़ा, तेजलहेड़ा, खुड्डा, खामपुर गांव में भी बारिश होने के समाचार हैं।