मीटर लगाने को लेकर विद्युत अधिकारी व किसानों में तनातनी
निरगाजनी गांव में विद्युत मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम व किसानों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर देने थाने पहुंचे। भाकियू कार्यकर्ता थाने पर पहुंच गए और विद्युत अधिकारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए टीम को घेर कर प्रदर्शन करने लगे।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। निरगाजनी गांव में विद्युत मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम व किसानों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर देने थाने पहुंचे। भाकियू कार्यकर्ता थाने पर पहुंच गए और विद्युत अधिकारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए टीम को घेर कर प्रदर्शन करने लगे।
विद्युत उप संस्थान बसेड़ा के अवर अभियंता हरि सिंह व बरला के अवर अभियंता जावेद अख्तर रविवार को अपनी टीम के साथ निरगाजनी गांव में घरों में विद्युत मीटर लगवाने पहुंचे। आरोप है कि वहां पर किसानों व विद्युत अधिकारियों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए थाने पर तहरीर देने पहुंचे। भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष विकास चौधरी के साथ कई दर्जन कार्यकर्ता थाने पर पहुंच गए और अवर अभियंता पर किसान महक सिंह के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए टीम को घेर कर प्रदर्शन करने लगे। मामला बिगड़ता देख दोनों अभियंता थाने से भागने लगे तो भाकियू कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक लिया। कई घंटे बाद गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। थानाध्यक्ष सूबे सिंह यादव ने बताया कि किसानों व विद्युत अधिकारियों ने मामला आपस में निपटा लिया है।