कचहरी में सिपाही को पीटा, गंभीर रूप से घायल
दहेज के एक मामले में तारीख पर आए लड़का और लड़की पक्ष के बीच कचहरी में कहासुनी और मारपीट हो गई।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। दहेज के एक मामले में तारीख पर आए लड़का और लड़की पक्ष के बीच कचहरी में कहासुनी और मारपीट हो गई। लड़के पक्ष के लोगों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घायल युवक यूपी पुलिस में सिपाही है और जनपद मेरठ में तैनात है। सिविल लाइन पुलिस ने युवती पक्ष के एक युवक को हिरासत में लिया है।
शामली जनपद के गांव भूरा कंडेला निवासी कुलदीप की शादी तीन साल पूर्व जानसठ क्षेत्र के गांव अहरोड़ा निवासी युवती से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद दोनों में मनमुटाव बढ़ गया। मामला तलाक तक पहुंच गया। लड़की पक्ष की ओर से लड़के पक्ष पर दहेज मांगने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। वहीं गांव-समाज के लोगों ने समझौते के प्रयास किए। शनिवार को दहेज के मामले में तारीख थी। दोनों पक्ष के लोग कचहरी आए हुए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोगों का कचहरी परिसर में आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से गाली-गलौज हुई। लड़की पक्ष के युवकों ने कुलदीप और परिजनों पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। कुलदीप की गर्दन व पीठ पर चोट आई हैं। कुलदीप के पिता भी घायल हुए हैं। कचहरी में मारपीट से हड़कंप मच गया। सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। कुलदीप ने बताया कि बिचौलिये ने सात लाख रुपये में समझौता कराने की बात कही थी और धनराशि उसे दे भी दी गई थी, लेकिन इसके बाद ससुरालियों ने 18 लाख रुपये की मांग की। बिचौलिये पर लड़की पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया। कुलदीप यूपी पुलिस में है और वर्तमान में जनपद मेरठ में तैनात है। वह छ़ुट्टी पर घर आया हुआ है। कुलदीप की ओर से सिविल लाइन थाने में लड़की पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। थाना सिविल लाइन प्रभारी समयपाल अत्री ने बताया कि युवती और युवक पक्ष के बीच कचहरी में मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक को हिरासत में लिया गया है।