दिल्ली में संत रविदास का मंदिर तोड़ने पर आक्रोश
दिल्ली के तुगलकाबाद में स्थित संत रविदास के प्राचीन मंदिर को तोड़े जाने पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन संगठन के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन:
दिल्ली के तुगलकाबाद में स्थित संत रविदास के प्राचीन मंदिर को तोड़े जाने पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन संगठन के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। उन्होंने कलक्ट्रेट में केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। मांग की है कि मंदिर को पुन: स्थापित किया जाए, अन्यथा 21 अगस्त से आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार को संगठन के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित संत रविदास का 600 वर्ष पुराना मंदिर तोड़ दिया गया है। इससे रविदास के अनुयाइयों में भारी आक्रोश है। बहुजन समाज के लोग केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 20 अगस्त तक संत रविदास की दोबारा से वही मूर्ति स्थापित कर मंदिर का निर्माण कराया जाए। निर्धारित तिथि तक मंदिर का निर्माण नहीं किया गया तो 21 अगस्त से संगठन के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में संसद भवन मार्ग पर धरना दिया जाएगा। इसके बाद दो अप्रैल की तर्ज पर भारत बंद किया जाएगा। आरोप लगाया कि संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंजीत सिंह नौटियाल पर उत्तर प्रदेश सरकार ने बीते दिनों राजद्रोह का मुकदमा दर्ज किया है, जो झूठा है। सहारनपुर पुलिस प्रशासन मुकदमे को तत्काल वापस ले। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष टीकम बौध, पूरण सिंह, रजत निठारिया, कपिल, अजय पालीवाल, अजय गौतम आदि मौजूद रहे।