मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी में जुटा अमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गंगा यात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम तय होते ही प्रशासनिक तथा भाजपा पदाधिकारियों की तैयारियां और तेज हो गई। जनपद के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने शुक्रवार को भाजपाइयों डीएम व विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक लेकर मुजफ्फरनगर से बैराज तक निरीक्षण किया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गंगा यात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम तय होते ही प्रशासनिक तथा भाजपा पदाधिकारियों की तैयारियां और तेज हो गई। जनपद के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने शुक्रवार को भाजपाइयों, डीएम व विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक लेकर मुजफ्फरनगर से बैराज तक निरीक्षण किया।
आगामी 27 जनवरी को बिजनौर से शुरू होने वाली गंगा यात्रा में शामिल होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामराज तक गंगा यात्रा में पहुंचेंगे। उनके इस कार्यक्रम पर मुहर लगने के बाद शुक्रवार को उनकी आगमन की तैयारियां तेज कर दी गई। शुक्रवार को प्रभारी मंत्री चेतन चौहान पीडब्लूडी डाक बंगले पर पहुंचे। वहां केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला के साथ डीएम सेल्वा कुमारी जे. व एडीएम प्रशासन अमित सिंह सहित कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर वार्ता की। इसके बाद उन्होंने कलक्ट्रेट में अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक लेकर सीएम के कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। सीएम की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अमले ने भाजपा के पदाधिकारियों के साथ मुजफ्फरनगर से जानसठ होते हुए बैराज तक रास्ते व आसपास के गांवों का निरीक्षण किया। देर शाम तक अधिकारी निरीक्षण में लगे रहे। जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम तय हो गया है। सभी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। प्रभारी मंत्री भी कार्यक्रम तक प्रतिदिन तैयारियों का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की गंगा यात्रा के दौरान उनका जगह-जगह फूलों से स्वागत होगा। बिजनौर से बैराज पहुंचने पर वें गंगा मैया की आरती करेंगे। इसके बाद आगे की ओर बढ़ेंगे। गंगा यात्रा के दौरान 18 गांवों में कार्यकर्ता और पदाधिकारी चौपाल कर गंगा की अविरल धारा को निर्मल बनाने के प्रति जागरूक भी करेंगे। शनिवार को एक बार फिर से प्रशासन को साथ लेकर रामराज तक निरीक्षण किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों में नमामि गंगे के प्रदेश सह संयोजक डा. वीरपाल निर्वाल, हरीश अहलावत, रोहित वाल्मिकी, अंचित मित्तल, शरद शर्मा सहित सभी भाजपाई जोश से लगे हुए हैं।