विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सब-इंस्पेक्टर बनी मुजफ्फरनगर की अमरेश, पिता ने मजदूरी कर बेटी को बनाया काबिल; CM योगी के हाथों मिला नियुक्ति पत्र

Published: Sat, 10 Oct 2026 12:47 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नियुक्ति पत्र बांटे, जिसमें मुजफ्फरनगर की अमरेश खेल कोटे से यूपी पुलिस में उप निरीक्षक बनीं।

लखनऊ में कबड्डी खिलाड़ी अमरेश को सम्मानित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ में कबड्डी खिलाड़ी अमरेश को सम्मानित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर की अमरेश खेल कोटे से बनीं यूपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर।

  2. पिता ने भट्ठे पर मजदूरी कर बेटी को पढ़ाया, बनाया काबिल।

  3. अवंतिका चौधरी भी यूपी पुलिस में आरक्षी पद पर चयनित।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उप निरीक्षक और आरक्षी पदों पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। जनपद की दो बेटियों को खेल कोटे से नियुक्ति पत्र मिले हैं। गांव बिटावदा निवासी अमरेश यूपी पुलिस में उप निरीक्षक बनी हैं।

वर्तमान में वह सीआईएसएफ में एएसआई हैं। इनके पिता ने भट्ठे पर मजदूरी कर बेटी को पढ़ाया और काबिल बनाया। अमरेश ने सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग और कोच रामपाल सिंह और चरण सिंह को दिया है। बता दें कि अमरेश और अवंतिका कबड्डी की नेशनल खिलाड़ी हैं।

अमेरश का जज्बा और जी-तोड़ मेहनत दर्शाता है कि सफलता सुविधाओं की मोहताज नहीं है। बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बिटावदा निवासी कश्मीर सिंह की होनहार बेटी अमरेश कबड्डी की राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में इन्हें उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति पत्र दिया है।

इनकी सफलता की कहानी प्रेरणा देती है। पिता कश्मीरी सिंह भट्ठे पर मजदूरी करते हैं, जबकि माता राजेश देवी गृहणी हैं। गांव के खेल मैदान में कक्षा पांचवीं से कबड्डी खेलना शुरू किया। कोच चरण सिंह ने बेटी की प्रतिभा को पहचाना और आगे बढ़ाया। बाद में सोरम कबड्डी क्लब में कोच रामपाल सिंह से प्रशिक्षण लिया।

साल 2021 में CISF में हुआ था चयन

इंटरमीडिएट तक बेटी ने सफलता के ऐसे झंडे गाड़े कि ग्रामीण झूम उठे। कबड्डी में अमेरश पदक बटौरती गईं। जिला, मंडल, प्रदेश स्तर पर खेल कौशल का लोहा मनवाया। इसी दौरान वर्ष 2021 में सीआईएसएफ में कांस्टेबल पर चयन हो गया। पढ़ाई के साथ खेल भी जारी रखा।

ऑल इंडिया पुलिस कबड्डी में गोल्ड मेडल हासिल किया। अमरेश ने बताया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने पर गर्व की अनुभूति हुई है। सफलता में कोच का विशेष योगदान है। उनके आदर्श माता-पिता है। पिता ने भट्ठे पर मजबूरी की और मां ने पशुपालन कर पढ़ाया और कबड्डी में आगे बढ़ाया।

इसी क्रम में मोरना की अवंतिका चौधरी उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी बनी हैं।गोपाल उर्फ पंकज कुमार की बेटी ने श्रीराम कालेज से बीपीईएस किया है। वर्तमान में साई सोनीपत में कबड्डी की कोचिंग ले रही हैं।

कोच सतेंद्र नैन ने बताया कि अवंतिका ने उत्तराखंड के टिहरी जिले के शिवपुरी गंगा तट पर आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में महिला बीच कबड्डी प्रतियोगिता में यूपी की टीम में प्रतिभाग किया था। इनके आरक्षी बनने पर पिता और माता अजिता देवी गोरवांवित हैं।

यह भी पढ़ें- वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाना हुआ आसान, फॉर्म-6 के साथ अब नहीं देना होगा अतिरिक्त घोषणा पत्र