विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मातम में बदलीं जन्मदिन की खुशियां, शहनाई गूंजने से पहले घर से उठी पिता-बुआ की अर्थी; हादसे में मुजफ्फरनगर के 4 लोगों की मौत

By Ashu Singh Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 06 Oct 2026 01:55 PM (IST)

Muzaffarnagar news: जन्मदिन मनाकर लक्सर से मुजफ्फरनगर लौट रहे परिवार पर मौत का कहर टूटा। सड़क हादसे में लोहा कारोबारी, उनकी दो बहनें और एक भांजी की मौत हो गई।

मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित श्री हरि वृंदावन सिटी में स्थित हादसे का शिकार हुए कारोबारी आदेश गोयल की कोठी।

मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित श्री हरि वृंदावन सिटी में स्थित हादसे का शिकार हुए कारोबारी आदेश गोयल की कोठी।

HighLights

  1. मौसा का जन्मदिन मनाकर लौट रहे परिवार के साथ हुआ हादसा।

  2. डेढ़ माह बाद कारोबारी के बेटे की शादी की चल रही थीं तैयारियां।

संवाद सूत्र, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। मौसा का जन्मदिन मनाकर लौट रहे भांज-भांजियों समेत स्वजन पर मौत ने झपट्टा मार दिया। जिस घर में डेढ़ माह शादी की शहनाई गूंजनी हैं, वहां एक साथ चार अर्थियां उठने से मातम छा गया। जन्मदिन की खुशियां के साथ वैवाहिक तैयारियों के बीच परिवार उजड़ गया।

a5

मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित श्री हरि वृंदावन सिटी में हादसे का शिकार हुए कारोबारी आदेश गोयल के आवास पर अंतिम संस्कार के दौरान लगी भीड़। जागरण 

मुजफ्फरनगर के नई मंडी के जानसठ रोड स्थित हरिवृंदा-1 सिटी निवासी 49 वर्षीय लोहा कारोबारी आदेश गोयल, 40 वर्षीय पत्नी रूबी, 65 वर्षीय मां कुसुम देवी तथा दो बहन 36 वर्षीय निशा, निशा की 14 साल की बेटी श्रद्धा निवासी तोता कालोनी, छोटी बहन 30 वर्षीय राखी पत्नी मोहित व उसकी सात वर्षीय बेटी वैष्णवी निवासी थानाभवन, शामली के साथ सोमवार शाम को स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर लक्सर में मौसा राधेश्याम के 75वें जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे।

सभी रात लगभग 11 बजे लक्सर से मुजफ्फरनगर आ रहे थे। जैसे ही इनकी गाड़ी पुरकाजी-लक्सर स्टेट हाईवे पर बढ़ीवाला में सोलानी नदी पुल के निकट पहुंची तो सामने से आ रहे मिट्टी खनन के डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो पुल के निकट खाई में पलट गई।

राहगीरों की सहायता से पुरकाजी पुलिस ने खाई में पलटी गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला। खेत में पानी भरा होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी हुई। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सीएचसी पुरकाजी में भर्ती कराया।

यहां चिकित्सा प्रभारी डा. सुमित चौधरी ने आदेश, उनकी दोनों बहनों राखी, निशा और निशा की बेटी श्रद्धा को मृत घोषित कर दिया। वहीं वृद्धा कुसुम देवी, रूबी और राखी की बेटी वैष्णवी को हायर सेंटर रेफर कर दिया।

सुबह परिवार में थी खुशी, दिन ढलते ही मौत का साया मंडराया

मुजफ्फरनगर निवासी आदेश गोयल पुत्र दिनेश गोयल अपने परिवार के साथ हरिद्वार के लक्सर में अपने मौसा राधेश्याम का 75वां जन्मदिन मनाने को सोमवार की प्रात: परिवार में हंसी-खुशी थी, लेकिन दिन ढलते ही मौत का साया मंडराया गया।

आदेश अपनी मां कुसुम देवी,पत्नी रूबी गोयल, बहन निशा, छोटी बहन राखी और दो भांजी श्रद्धा व वैष्णवी के साथ स्कार्पियो कार में सवार होकर मौसा के लिए उपहार लेकर गए थे। यहां सभी लोगों ने धूमधाम से जन्मदिन की पार्टी मनाई। खुशियों का केक काटा गया, बुजुर्ग राधेश्याम को सभी ने बधाई दी। काल को कुछ और मंजूर था।

जन्मदिन के कुछ घंटे बाद ही मौत ने चार जिंदगी निगल ली। इससे आदेश समेत उनकी बहनों के लिए जन्मदिन की पार्टी आखिरी हो गई। उनकी स्कार्पियो गाड़ी पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर पहुंची तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार डम्फर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए।

आदेश के पुत्र तुषार की 25 नवंबर को शादी तय हो चुकी है। सभी स्वजन उसकी तैयारियों में लगे हुए थे। रिश्तेदारों को विवाह कार्ड भेजे जा रहे थे और घर को सजाने की योजना बन रही थी। तुषार ने बताया कि पिता पूरे परिवार के साथ शादी की खरीदारी की बात कर रहे थे।