विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर में सेवानिवृत्त दारोगा के घर ढाई करोड़ की चोरी, शादी के लिए रखे थे जेवर

Published: Sat, 29 Aug 2026 06:02 PM (IST)

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में सेवानिवृत्त दारोगा देशपाल चौधरी के बंद मकान से बदमाशों ने ढाई करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। एसडीएम और सीओ बुढ़ाना आवास के निकट लगभग 50 कदम की दूरी पर बदमाशों ने सेवानिवृत्त दारोगा के मकान को निशाना बना लिया। गुरुवार रात को मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर घुसे बदमाशों ने कमरों के दरवाजे को कटर मशीन काटकर वारदात को अंजाम दिया।

बदमाश कमरे की अलमारी से ढाई लाख की नकदी समेत लगभग ढाई करोड़ रुपये के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। वारदात से पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी की फुटेज खंगालने के साथ विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए हैं।

बुढ़ाना कस्बे की तहसील परिसर से सटे एसडीएम और सीओ के आवास हैं। यहीं पर लगभग 50 कदम की दूरी पर सेवानिवृत्त दारोगा देशपाल चौधरी का मकान है। देशपाल व उनकी पत्नी कुसुमलता के साथ लगभग 10 दिन ससुराल शामली में गए हुए थे, जिसके चलते मकान बंद था।

गुरुवार देर रात बदमाशों ने पहले उनके मकान के मुख्यद्वार का ताला तोड़ा और उसके बाद भीतर घुस गए। भीतर का एक दरवाजा समेत कमरों का दरवाजा भी कटर मशीन से काटा गया। चारों कमरों का दरवाजा काटने के बाद बदमाशों ने तस्सली से वारदात को अंजाम दिया।

बदमाशों ने अलमारियों और बक्सों के भी ताले तोड़े हैं। चोरी के बाद बदमाश फरार हो गए। शुक्रवार सुबह पड़ोसी विनय डबास ने मकान का दरवाजा खुला देखकर देशपाल चौधरी को फोन पर सूचना दी थी। सूचना मिलने पर सेवानिवृत्त दारोगा देशपाल व उनकी पत्नी कुसुमलता पहुंचे।

देशपाल चौधरी, उनकी बेटी नीतू ने बताया कि बदमाश लगभग 100 तोला सोने के जेवरात, एक हीरे का हार समेत लगभग साढ़े छह किलो चांदी के जेवरात और लगभग ढाई लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं।

79447843

इनके अलावा महंगी साड़ियां समेत घरेलू सामान चोरी किया गया है। बताया कि लगभग ढाई करोड़ रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं। जेवरात और नकदी को बेटे हेमंत की शादी के लिए एकत्र कर रहे थे। इसी वर्ष नवंबर में रुड़की में तय की गई है। शादी के लिए खरीदा गया जेवर के साथ, अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के भी गहने अलमारी में रखे थे।

वारदात के बाद सीओ गजेंद्र पाल और कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फोरेंसिक और डाग स्क्वाड टीम ने भी जांच की।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले गए हैं। देर शाम को बुढ़ाना थाने पर सेवानिवृत्त दारोगा देशपाल की ओर से तहरीर दी गई है।

बुढ़ाना में सेवानिवृत्त दारोगा के मकान में चोरी की वारदात हुई है। इसके लिए सर्विलांस के साथ एसओजी की टीम गठित कर दी गई है। पुलिस टीम भी लगाई गई है। शीघ्र ही वारदात का राजफाश किया जाएगा। चोरी हुए सामान की धनराशि कितनी है, यह वारदात का राजफाश होने के बाद ही ज्ञात हो सकेगा।

-संजय कुमार वर्मा, एसएसपी, मुजफ्फरनगर।