विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टूटी सड़क का फोटो और वीडियो भेजें, दुरुस्त कराएगा जल निगम; मुजफ्फरनगर में जल जीवन मिशन के तहत तोड़ी गई हैं कई सड़कें

By Sanjeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 01 Oct 2026 03:14 PM (IST)

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में जल जीवन मिशन के तहत तोड़ी गईं सड़कों की मरम्मत के लिए अभियान शुरू हुआ है।

जर्जर सड़क का फाइल फोटो

जर्जर सड़क का फाइल फोटो

HighLights

  1. जल निगम 72 किमी टूटी सड़कों को प्राथमिकता से सुधारेगा।

  2. ग्रामीण 'जल सारथी ऐप' पर शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत सड़कें तोड़ी गई हैं। इन्हें दुरुस्त करने के लिए 1 अक्टूबर से अभियान शुरू हो रहा है। ग्रामीण टूटी सड़क का फोटाे और वीडियो जल सारथी एप पर अपलोड कर शिकायत कर सकते हैं।

जल निगम की टीम प्राथमिकता के आधार पर सड़क दुरुस्त कराने का कार्य करेगी। अभियान के तहत जिले में 72 किमी लंबी सड़काें को दुरुस्त कराने का लक्ष्य रखा गया है।

जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता संजीत कटियार ने बताया कि गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाई गई, जिसके लिए सड़कों को तोड़ा गया। इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिए वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान पहली अक्टूबर से शुरू किया जा रहा है। इसके लिए सड़कों को चिह्नित भी किया जा रहा है।

यदि किसी गांव की सड़क पाइपलाइन बिछाने के बाद दुरुस्त नहीं हुई है, तो जल सारथी ऐप के माध्यम से फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सड़क के मरम्मतीकरण की कार्रवाई की जाएगी। प्राप्त शिकायतों की निगरानी उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जनपद के 341 गांवों में पेयजलापूर्ति की जा रही है। शेष गांवों में पेयजलापूर्ति शुरू करने की चरणबद्ध प्रक्रिया चल रही है। पेयजल आपूर्ति के लिए कुल 2,648 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई हैं। पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 2256 किलोमीटर सड़क को तोड़ा गया है।

दावा किया कि इनमें से 2,184 किलोमीटर सड़क का मरम्मत कार्य पूरा हो गया है और 72 किलोमीटर सड़क को दुरुस्त करने के लिए वृहद स्तर पर अभियान शुरू किया जा रहा है। ग्रामीण मोबाइल में जल सारथी एप इंस्टाल कर वीडियो और फोटो अपलोड कर शिकायत कर सकते हैं।