साधु के वेश में ठगी करते थे मुस्लिम युवक, दो भाइयों समेत छह गिरफ्तार
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर में ककरौली पुलिस ने साधु के वेश में ठगी करने के आारोपित छह मुस्लिम युवकों को ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर के ककरौली थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए भगवा वस्त्र पहनकर ठगी करने के आरोपित। जागरण
HighLights
मुजफ्फरनगर की ककरौली थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार।
आरोपितों ने हिंदू नाम से बनवाए आधार कार्ड।
संवाद सहयोगी, जागरण, मुजफ्फरनगर। पहचान छिपाकर साधु के वेश में लोगों से ठगी करने वाले छह मुस्लिम युवकों को ककरौली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो सगे भाई शामिल हैं।
आरोपित खुद को जाहरवीर बाबा का भक्त बताते थे और पहचान छिपाने के लिए हिंदू नाम से फर्जी आधार कार्ड तक बनवा रखे थे। कुछ मंत्र बोलकर लोगों के सिर पर मोर पंख रखकर आशीर्वाद देने का नाटक रचते थे।
पांच आरोपित मूलरूप से बुढ़ाना के गांव जौला और एक शाहपुर के गांव गोयला का रहने वाला है। आरोपितों ने आधार कार्ड में मीरापुर क्षेत्र के गांव कुतुबपुर का नाम दर्शाया हुआ था और किराए के मकान में रहते थे।
पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि ककरौली थाना पुलिस ने दो दिन पहले गांव जड़वड़ कटिया से भगवाधारी मुस्लिम अहसान पुत्र शकील निवासी ग्राम जौला थाना बुढ़ाना को गिरफ्तार किया था।
गुरुवार को दो सगे भाई सजील व शकील पुत्रगण बालू, शौकीन पुत्र फैसु, इकबाल पुत्र रमजान, अय्यूब पुत्र महबूब निवासीगण ग्राम जौला थाना बुढ़ाना और हनीश पुत्र मोना जोगी निवासी ग्राम गोयला थाना शाहपुर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से छह फर्जी आधार कार्ड, लोहे की तीन जंजीर, सारंगी, डमरू, 60 रत्न, चंदे की रसीद, मोर पंख छड़ी, 60 प्रतिज्ञापत्र और भभूत समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
आरोपित मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कैथोड़ा में साजिद के मकान में तीन कमरों में किराए पर रहते थे। सभी आरोपितों से बरामद आधार कार्डों में उनका पता ग्राम कुतुबपुर थाना मीरापुर दर्शाया गया है। एसएसपी ने बताया कि इनसे जुड़े छह लोग अभी फरार हैं।
प्रेस वार्ता में एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ भोपा देवव्रत वाजपेई व ककरौली थानाध्यक्ष जोगिंद्र सिंह मौजूद रहे। आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
इलाज के नाम पर ठगे थे दो परिवार
एसएसपी ने बताया कि ककरौली में रहने वाले दो परिवारों को इन युवकों ने इलाज के नाम पर ठगा था। एक परिवार से 47 हजार और दूसरे से 30 हजार रुपये ठगे थे। फिलहाल दोनों परिवार पटियाला गए हुए हैं, उनके आने के बाद सभी जानकारी की जाएगी।
आइबी व एलआइयू ने भी की पूछताछ
एसएसपी ने बताया कि मामला गंभीर देखते हुए आरोपितों से इंटेलिजेंस ब्यूरो (आइबी) व लोकल इंटेलिजेंस इकाई (एलआइयू) समेत अन्य खुफिया एजेंसी द्वारा भी पूछताछ की गई है। बताया कि आरोपित सात सालों से मीरापुर में फर्जी तरीके से रहकर यह कार्य कर रहे थे।
