अमरूद खिलाने के बहाने ले गए दोस्त और गला रेतकर युवक को मौत के घाट उतारा, बहन पर कमेंट से नाराज था आरोपित
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में दस दिन से लापता फर्नीचर कारीगर अतुल कुमार की उसके दो साथियों ने गला घोंटकर और ...और पढ़ें
HighLights
मुजफ्फरनगर में लापता युवक का शव निशानदेही पर बरामद।
बाग में दिया वारदात को अंजाम, दोनों आरोपित गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। दस दिन से लापता फर्नीचर कारीगर की उसके दो साथियों ने गला घोटकर व चाकू से गर्दन रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर शव खेत से बरामद कर लिया। एक साथी ने बहन पर अश्लील टिप्पणी करने की रंजिश में साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
मंगलवार को पुलिस लाइन में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गांव भैंसी निवासी 23 वर्षीय अतुल कुमार अपने साथी तालिब व एक अन्य युवक के साथ फर्नीचर का काम करता था। तीनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। अतुल ने आरोपित युवक के छोटे भाई पर टिप्पणी और बहन के साथ छेड़छाड़ कर दी थी।
हसको लेकर दोनों में झगड़ा भी हुआ था। आरोपित युवक उससे रंजिश रखने लगा था। 28 अगस्त की शाम खतौली हाईवे के निकट गांव तिगाई के शराब के ठेके पर आरोपित युवक व तालिब ने बीयर पीने के बाद अतुल की हत्या की योजना बनाई। अगले दिन तालिब ने दोस्त को भैंसी स्थित कारखाने पर बुलाया। यहां अतुल पहले से मौजूद था।
आरोपित और तालिब ने अतुल को अमरूद खिलाने के बहाने उसे बाइक पर साथ ले गए। दिल्ली-देहरादून हाईवे किनारे स्थित पापुलर के बाग में दोनों आरोपितों ने अतुल की गला घोटकर व चाकू से गर्दन रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में फेंककर चले गए। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर शव बरामद किया है।
युवक की तलाश कराते रहे आरोपित
स्वजन ने 29 अगस्त को खतौली थाने में अतुल की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पीड़ित स्वजन के साथ दोनों आरोपित भी उसकी तलाश कराते रहे। संदेह होने पर पुलिस ने मंगलवार को दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ की तो दोनों ने हत्याकांड का रजफाश किया। जांच में सामने आया कि अंतिम बार अतुल को दोनों के साथ देखा गया था। यहीं से पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझाया।
छेड़छाड़ करता था अतुल
हत्याकांड का राजफाश होने पर अतुल के स्वजन ने कोतवाली पहुंचकर रोष प्रकट किया। हत्याकांड के मुख्य आरोपित ने बताया कि अतुल उसकी बहन के साथ-साथ उसके मानसिक रूप से कमजोर छोटे भाई पर टिप्पणी करता था। उसके भाई ने उसे इसकी जानकारी दी थी।
