मुजफ्फरनगर: जानसठ नगर पंचायत में तीन करोड़ के विकास कार्यों को मिली हरी झंडी; सड़क निर्माण सहित कई कार्य होंगे
Muzaffarnagar News: जानसठ नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में 3 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को सर्वसम्मति से पारित किया ...और पढ़ें

जानसठ नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में हुई बोर्ड बैठक।
HighLights
सड़क, सफाई, पथ प्रकाश व्यवस्था पर होगा खर्च।
जलभराव समस्या हेतु नाले के निर्माण का प्रस्ताव पारित।
संवाद सूत्र, जानसठ (मुजफ्फरनगर)। जानसठ नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में कस्बे में सड़कों के निर्माण, सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई। कुल तीन करोड़ रुपये के कार्य सर्वसम्मति से पारित किए गए।
चेयरमैन डा. आबिद हुसैन की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। अधिशासी अधिकारी नीलम पांडे ने बताया कि बैठक में लगभग तीन करोड़ रुपये के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक के दौरान सभासद सुशील कुमार और विकास गुप्ता ने ज्ञानेश्वर महादेव मंदिर के पास बरसात और गंदे पानी की निकासी न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण मंदिर के तालाब की दीवार गिर चुकी है, जिससे मंदिर को भी खतरा पैदा हो गया है। इस समस्या के समाधान के लिए वहां एक बड़े नाले के निर्माण का प्रस्ताव पास किया गया। इसके अलावा सभासदों ने आदर्श कालोनी में स्थित स्वामी कल्याण देव स्कूल के मुख्य मार्ग पर हो रहे जलभराव का मामला भी उठाया।
गंदे पानी के बीच से होकर गुजरने को मजबूर छात्राओं की परेशानी पर संज्ञान लेते हुए चेयरमैन और ईओ ने लिपिक सचिन को निर्देश दिए कि वे तुरंत जेई से इन दोनों कार्यों का एस्टीमेट तैयार कराएं। सभासद मोहम्मद अहसान ने मुद्दा उठाया कि पूर्व में दुकानों के निर्माण का टेंडर जारी होने के बावजूद अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है।
बैठक में सभासद विकास गुप्ता, आशु कंसल, गौरव भटनागर, मोहम्मद अहसान, कुसुम, सवीता, रुबीना कुरैशी, अफसाना अंसारी, राजन कुमार, सतपाल प्रजापति, विशु पाल, सुशील कुमार, विशाल सैनी, मंसूर अंसारी आदि मौजूद रहे।
