विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमीन के बंटवारे में रिश्ते तार-तार: मुजफ्फरनगर में भाकियू नेता को सगे भाई ने मारी गोली

By Jishan Mohamad Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 16 Sep 2026 07:41 PM (IST)

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के खाईखेड़ी गांव में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मार दी।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच।

  2. पुरकाजी क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी का मामला।  

संवाद सूत्र, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। खाईखेड़ी गांव में जमीन व मकान के बंटवारे के विवाद में बड़े ने छोटे भाई को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली बाएं कान पर लगी। आरोपित फरार हो गया।

घायल को पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया। घायल किसान धीरज त्यागी भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला उपाध्यक्ष हैं। सीओ सदर सुनील कुमार ने पुलिस टीम साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल की पत्नी ने जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

खाईखेड़ी गांव निवासी 48 वर्षीय धीरज त्यागी पुत्र मुसद्दी का बड़े भाई सतीश त्यागी के साथ मकान व जमीन के बंटवारे का विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह सात बजे धीरज खेत पर काम करने के लिए ट्रैक्टर लेकर गए थे।

आरोप है कि तभी बड़ा भाई सतीश त्यागी आया और गाली-गलौज करने लगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बड़े भाई ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। धीरज त्यागी के बाएं कान पर गोली लगी। इससे वह लहूलुहान हो गए। गोली की आवाज सुनकर निकट के खेत से उनका बेटा विपुल त्यागी आ गया और शोर मचा दिया। शोर मचाने पर आरोपित भाग गया।

किसान के बेटे की सूचना पर सीओ सदर सुनील कुमार, थाना प्रभारी डा. मानवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले में जांच पड़ताल की। पुलिस ने किसान को जीप से जिला अस्पताल भिजवाया।

घायल की पत्नी सोनू देवी ने जेठ सतीश त्यागी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि धीरज व उनके भाई सतीश के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।