विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बर्थडे पार्टी में गया रोहन अब कभी लौटकर घर नहीं आएगा... मुजफ्फरनगर में भाकियू जिला सचिव के इकलौते बेटे की हत्या

By Jishan Mohamad Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 25 Sep 2026 03:08 PM (IST)

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन के जिला सचिव के बेटे रोहन की जन्मदिन पार्टी से लौटने के बाद ...और पढ़ें

रोहन राठी का फाइल फोटो, गांव हरैटी में घटनास्थल का निरीक्षण करते एसएसपी।

रोहन राठी का फाइल फोटो, गांव हरैटी में घटनास्थल का निरीक्षण करते एसएसपी।

HighLights

  1. शव गांव गांव हरैटी के पास खेत की नाली से किया गया बरामद।

  2. स्वजन का अंतिम संस्कार से इन्कार, एसपी सिटी के आश्वासन पर माने।

संवाद सूत्र, पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गए भारतीय किसान यूनियन के जिला सचिव एवं ग्राम प्रशासक के बेटे की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के निकट खेत की नाली में मिला।

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। स्वजन व ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को घर के बाहर रखकर अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। 

उन्होंने हत्यारों के एनकाउंटर की मांग की। एसपी सिटी के आश्वासन पर दो घंटे बाद लोग माने और अंतिम संस्कार किया। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा कि मामले में टीम बनाकर जांच करने का दिखावा न किया जाए। हत्यारों का पर्दाफाश हो।

गांव हरैटी के प्रशासक एवं भाकियू जिला सचिव विवेक राठी का 18 वर्षीय बेटा रोहन एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था। रोहन बुधवार को अपने दोस्त गांव नन्हेड़ा निवासी किट्टू की जन्मदिन पार्टी में गया था।
रात साढ़े नौ बजे जब विवेक ने बेटे को फोन किया तो उसने रात में घर आने से मना कर दिया। गुरुवार सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो उन्होंने गांव से 300 मीटर दूर एक खेत के पास नाली में रोहन का शव देखा।

एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ सदर सुनील कुमार, थाना पुरकाजी व छपार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने दोपहर बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर स्वजन से वार्ता की।

एसपी सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत होना आया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हत्यारों ने दम घोंटकर (मुंह और नाक भींचकर) हत्या की है।

मामले में मृतक के चाचा विनय राठी ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। विवेक ने बताया कि रोहन ने इस वर्ष मुजफ्फरनगर के श्री राम कालेज में एलएलबी प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। रोहन अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था।

इन्होंने कहा... 

मृतक युवक की बाइक, आइ फोन और घड़ी नहीं मिली है। मोबाइल काल डिटेल खंगाली जा रही है। शीघ्र ही हत्याकांड का राजफाश किया जाएगा।
-अमृत जैन, एसपी सिटी