मुजफ्फरनगर: सात गांवों से गुजरने वाले मार्ग के चौड़ीकरण को 24.37 करोड़ रुपये स्वीकृत, दूर होगी ग्रामीणों की परेशानी
मुजफ्फरनगर में सात गांवों से गुजरने वाले 18.60 किमी लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 24.37 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
18.60 किमी लंबे मार्ग का होगा चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण।
मार्ग की चौड़ाई कम होने से ग्रामीणों को होती है परेशानी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनर। बुढ़ाना क्षेत्र के सात गांवों से गुजरने वाले 18.60 किमी लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को शासन से स्वीकृति मिली है। कुल 24.37 करोड़ रुपये से मार्ग बनेगा और 12.18 करोड़ रुपये जारी हुए है। इस मार्ग का प्रस्ताव रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल सिंह बालियान ने दिया था।
वेस्ट यूपी की अनेक सड़कों के सुदृढ़ीकरण, चौड़ीकरण और नव निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिली है। साथ ही बजट भी जारी हुआ है। इनमें जनपद में बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बसी, वैल्ली, नसीरपुर, रियावली, नंगला, मनवाड़ा, मंडावली खादर से होकर गुजरने वाला मार्ग भी शामिल है। इस मार्ग की चौड़ाई कम होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
खासकर शुगर मिल और गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ना ले जाने में दिक्कत होती थी। मार्ग चौड़ा होने के साथ उस पर हाटमिक्स की परत चढ़ाई जाएगी, जिससे किसानों की समस्या का निदान होगा। कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है। प्रथम किस्त के तौर पर 12.18 करोड़ रुपये जारी हुए हैं, जिसके चलते जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान ने बताया कि लंबे समय से ग्रामीण इस मार्ग को बनवाने की मांग कर रहे थे। शासन को मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया था। बीते दिनों मुख्यमंत्री से भी इसके लिए अनुरोध किया था। सीडीओ कंडाकर कमल किशोर देशभूषण ने बताया कि शासन से सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को बजट जारी हुआ है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।अधूरे रेलवे ओवरब्रिज के शीघ्र निर्माण की मांग
रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराए जाने मांग
खतौली: क्षेत्र के टबीटा-टिटोड़ा मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराए जाने मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्हें रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने और ग्रामीणों को हो रही परेशानी से अवगत कराया गया।
भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुधीश पुंडीर के नेतृत्व में टबीटा के ग्रामीण दीपक, रविंद्र, पंकज, बलराम, भीम,शिवकुमार, श्रीकांत, राकेश प्रधान, नरेंद्र तहसील पहुंचे। एसडीएम डा. ललित कुमार मिश्रा को दिए ज्ञापन में बताया कि टिटोड़ा-टबीटा मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कई माह से अधूरा पड़ा है। एसडीएम ने उप्र सेतु निगम और रेलवे विभाग अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया है।
