हादसे में पोते की मौत की खबर सुन दादी ने भी दम तोड़ा, दो माह पहले ही हुई थी युवक की शादी
मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पोते की मौत की खबर ...और पढ़ें

दादी मुनीबा व सुहेल। फाइल फोटो
HighLights
मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत।
पोते की मौत की खबर सुन 90 वर्षीय दादी का भी निधन।
संवाद सूत्र, छपार (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पोते की मौत की खबर सुनकर उसकी 90 वर्षीय दादी का ह्रदयगति रुक जाने से निधन हो गया, जिससे बरला में शोक है। युवक की दो माह पूर्व ही शादी हुई थी।
क्षेत्र के गांव बरला निवासी स्वर्गीय अजहरुद्दीन के दो पुत्र इरशाद व ज्ववार अपने परिवार व 90 वर्षीय मां मुनीबा के साथ गांव में ही रहता है। तीसरा पुत्र दिलशाद मुजफ्फरनगर में मुहल्ला लद्दावाला में रहता है। सोमवार रात को उसका 25 वर्षीय पुत्र सुहेल बाइक से रुड़की में अपनी ससुराल जा रहा था। जैसे ही वह बरला में फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो तेज गति के कारण आगे चल रहे लकड़ी से भरे रेहड़े में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे स्वजन ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया और शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए। उधर, बरला में पोते की मौत की खबर सुनकर दादी मुनीबा की ह्रदयगति रुक जाने से मौत हो गई। परिवार में दो मौतों से कोहराम मच गया। मंगलवार को स्वजन ने पोते का मुजफ्फरनगर व दादी का बरला के कब्रिस्तान में सिपुर्द ए खाक कर दिया। जिससे गांव में शोक है। सुहेल की दो माह पूर्व ही शादी हुई थी, वह पत्नी को लेने के लिए ही ससुराल जा रहा था। परंतु होनी को कुछ ओर ही मंजूर था। वह तीन भाईयों में सबसे छोटा था और राजमिस्त्री का काम करता था।
