पॉकेट में रखा फोन बना काल! मोबाइल की बैटरी फटने से चलती बाइक से गिरकर युवक की मौत, परिवार का इकलौता बेटा था विकास
मुजफ्फरनगर में एक युवक की शर्ट की जेब में रखे मोबाइल की बैटरी फटने से बाइक से गिरकर मौत हो ...और पढ़ें

blast phone photo credit - Jagran file photo
HighLights
मुजफ्फरनगर में मोबाइल की बैटरी फटने से हुआ हादसा।
अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत।
संवाद सहयोगी, मुजफ्फरनगर। शर्ट की जेब में रखे मोबाइल की बैटरी फट गई। बाइक चला रहा 35 वर्षीय किसान विकास सड़क पर गिर कर घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहमतपुर निवासी 35 वर्षीय विकास कुमार पुत्र जोगेंद्र सिंह सोमवार देर शाम शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव माजरा में अपने मामा के घर मम्मी को छोड़कर बाइक पर घर लौट रहा था। थाना खालापार के वहलना चौक के पास युवक की शर्ट की जेब में रखें मोबाइल की बैटरी फट गई। युवक बाइक सहित सड़क पर गिर गया । उसके सिर में चोट लग गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे स्वजन उसे जानसठ रोड स्थित एसकेबी आरोग्यम अस्पताल ले गए जहां पर उपचार के दौरान रात लगभग पौने 12 बजे मौत हो गई। स्वजन के अनुसार युवक परिवार का अकेला बेटा था। उसकी जेब में वन प्लस कंपनी का मोबाइल था।
खालापार थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के शरीर पर बैटरी फटने से झुलसने का निशाना नहीं था। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
युवक की बाइक में सांड ने टक्कर मारी, मौत
भोपा : थाना क्षेत्र के गांव शुक्रतारी निवासी 23 वर्षीय शोभित मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार को वह गांव अथाई में मजदूरी करने गया था। देर शाम काम समाप्त कर बाइक से घर लौटते समय अपने गांव के मुख्य तिराहे के पास सड़क पर खड़े सांड ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से शोभित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता उदल सिंह, मां बिमला, भाई दीपक, पत्नी पायल तथा बहन रीना और अनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। आठ दिन पहले बेटे के जन्म से घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
