आपका स्वास्थ्य कैसा है! मुजफ्फरनगर में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, घर पर दस्तक देकर सेहत का हाल जानेगी टीम
मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया है, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर की नगर पंचायत पुरकाजी में सफाई करते कर्मचारी। सौ. विभाग
HighLights
संचारी रोग नियंत्रण अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा।
10 अक्टूबर से स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर जांच करेंगी।
मच्छर व जलजनित रोगों से बचाव हेतु जागरूकता फैलेगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया है। जनपद के नौ ब्लाक और 10 निकायों के साथ मिलकर यह अभियान चलेगा, जिसमें मच्छर एवं जलजनित रोगों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान में नगर निकायों की भूमिका रहेगी, उन्हें फागिंग के साथ सफाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 10 अक्टूबर से स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर दस्तक देगी। टीम लोगों के दरवाजे पर पहुंचकर सेहत का हाल जानेगी।
सितंबर के बाद अक्टूबर माह में सुबह और शाम के समय मौसम में नमी महसूस होने लगती है। जिस कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ता है। इससे डेंगू के साथ मलेरिया के रोग पनपने की आशंका गहराती है। इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोग नियंत्रण के लिए 31 अक्टूबर तक अभियान चलेगा। अभियान में जिले की 10 निकायों के साथ सभी ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। शुरुआत के दस सभी विभाग सामूहिक रूप से काम करेंगे।
वहीं, 10 अक्टूबर के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम का दस्तक अभियान भी शुरू होगा। इसमें विभागीय टीम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने के अलावा बीमारियों के बारे में पूछताछ करेगी। वायरल बुखार, संक्रमण से बीमार हुए लोगों का अलग से रिकार्ड तैयार करेगी। इसमें शून्य आयु से लेकर वृद्ध को शामिल किया गया है। संक्रमण के लक्षण मिलने पर तत्काल उपचार का प्रबंध कराया जाएगा।
ये हैं संचारी रोग
संचारी रोगों में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, डायरिया सहित अन्य बीमारियां शामिल हैं, जो संक्रमित मच्छरों, दूषित पानी, गंदगी एवं अस्वच्छ वातावरण के कारण फैल सकती हैं। इन रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता, साफ पानी का उपयोग, मच्छरों से बचाव और समय पर उपचार आवश्यक है।
ये हैं 10 निकाय
नगर पालिका मुजफ्फरनगर व खतौली, नगर पंचायत में जानसठ, मीरापुर, भोकरहेड़ी, पुरकाजी, चरथावल, सिसौली, शाहपुर, बुढ़ाना शामिल हैं।
संचारी रोगों के प्रमुख लक्षण
लगातार बुखार, खांसी, गले में खराश, थकान और शरीर दर्द, डायरिया या उल्टी, त्वचा पर चकत्ते या रैशेज, सांस लेने में तकलीफ इत्यादि।
संचारी रोगों से बचाव:
-साफ-सफाई रखें
- अपने हाथ साबुन और पानी से बार-बार धोएं।
-घर के आस-पास साफ-सफाई रखें और कचरा ठीक से फेंकें
-घर के आस-पास पानी जमा न होने दें
-सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें।
-पूरी बांह के कपड़े पहनें।
-ताजा और ढका हुआ भोजन ही खाएं।
-खुले में बिकने वाली और बासी चीजों से बचें।
10 अक्टूबर के बाद दस्तक अभियान आरंभ होगा
स्वास्थ्य विभाग ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक माह तक चलेगा। 10 अक्टूबर के बाद दस्तक अभियान भी आरंभ होगा। इसमें विभागीय घर-घर जाकर लोगों को सचेत करने के साथ बीमारियों के बारे में पूछताछ करेगी। संक्रमण से बचाव उपाय बताए जाएंगे।- डा. सुनील कुमार तेवतिया, सीएमओ, मुजफ्फरनगर।
फागिंग के साथ सफाई को लेकर विशेष योजना तैयार की गई
शहरी क्षेत्र में फागिंग के साथ सफाई को लेकर विशेष योजना तैयार की गई है। नियमित रूप से सफाई के बाद तत्काल कूड़ा उठाया जाएगा। इसके लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सचेत किया गया है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में पालिका स्तर की सभी व्यवस्था पुख्ता रखी जाएंगी।-पवन कुमार, ईओ, नगर पालिका मुजफ्फरनगर।
