विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्याओं से जूझ रहा मुजफ्फरनगर का चौड़ी गली का बाजार, कोई नहीं सुन रहा पुकार; यहां सड़क के बीच लगे हैं बिजली के पाेल

By Dilshad Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 14 Oct 2026 02:03 PM (IST)

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर की नई मंडी स्थित पुरानी चौड़ी गली बाजार में नवरात्र के दौरान ग्राहकों की भीड़ बढ़ने के ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर के चौड़ी गली बाजार में सड़क के बीच लगे विद्युत पाेल। जागरण

मुजफ्फरनगर के चौड़ी गली बाजार में सड़क के बीच लगे विद्युत पाेल। जागरण

HighLights

  1. चौड़ी गली बाजार में मूलभूत सुविधाओं की कमी।

  2. अतिक्रमण, पार्किंग और सफाई व्यवस्था मुख्य समस्याएँ।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। नवरात्र में बाजार गुलजार हो रहे हैं। ग्राहकों की आमद बढ़ रही है, लेकिन बाजारों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इससे व्यापारियों के साथ ग्राहक भी परेशान होते हैं। नई मंडी क्षेत्र का चौड़ी गली वाला बाजार लगभग 70 साल पुराना है। शहर में विभिन्न विकास हो गए हैं, लेकिन बाजार तक निर्माण और सुंदरीकरण की बेला नहीं पहुंच सकी है।

शहर के नई मंडी स्थित बिंदल चौड़ी गली के बाजार में विभिन्न समस्या बनी है। यह पाश कालोनी क्षेत्र में आता है, जहां बड़ी-बड़ी कंपनियों व ब्रांड के शोरूम हैं। इन पर नवरात्र के साथ खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ रहती है। बाजार में आने वाले ग्राहकों के लिए व्यापारी संगठन स्वयं साफ-सफाई कराते हैं।

बाजार में सबसे अधिक समस्या अतिक्रमण और वाहन पार्किंग की है। दुकानों के सामने सामान रखने या वाहनों के खड़े होने से रास्ते में बाधा उत्पन्न होती है तो इससे ग्राहकों के आवागमन पर असर पड़ता है। इसके अलावा नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और नालियों की सफाई जैसी व्यवस्था भी अधूरी पड़ी है।

डिवाइडर पर सजने वाले सामान से परेशानी

बाजार में डिवाइडर की चौड़ाई तीन फीट से अधिक है। इसके चलते अधिकांश दुकानदार अपने सामान को निकालकर डिवाइडर पर रखते हैं। इससे अतिक्रमण के साथ आवागमन में परेशानी होती है। डिवाइडर की चौड़ाई कम कराने के लिए कई बार पालिका अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका। वहीं विद्युत तारों का जाल फैला हुआ है। मामूली बरसात में तारों में फाल्ट से कई-कई घंटे तक आपूर्ति बाधित रहती है।

ये हैं प्रमुख मांग व समस्याएं

  • स्ट्रीट लाइट को बदला जाए व ठीक किया जाए।
  • बाजार में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण
  • डिवाइडर की चौड़ाई कम होनी चाहिए।
  • बाजार में क्षतिग्रस्त विद्युत खंभे बदले जाएं
  • पेयजल के लिए सार्वजनिक स्थान बनना चाहिए
  • सुरक्षा की दृष्टि से बाजार में पुलिस बल तैनात हो

बोले व्यापारी..

बाजार में सबसे अधिक समस्या अतिक्रमण की है। डिवाइडर पर दुकानों का सामान लगाया जाता है, जिससे असुविधा होती है। विद्युत खंभा हटाने के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई काम नहीं हो सका।
-विजय बाटा, चौड़ा गली बाजार।
बिंदल-चौड़ी गली का बाजार नई मंडी पुराना है। वर्तमान के हिसाब से यहां सुविधा होनी चाहिए। बाजार में भीड़ बढ़ेगी, ऐसे में असामाजिक तत्वों की रोकथाम के लिए पुलिस गश्त भी होना चाहिए, जिससे ग्राहक खुलकर खरीदारी कर सकें।
-अमित जैन, हैंडलूम, नई मंडी।
बाजार में ग्राहकों के हिसाब से भी सुविधा होनी चाहिए। पेयजल के साथ शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इससे परेशानी होती है। दिन ढलने पर बाजार में कई स्थानों पर अंधेरा रहता है। यह समस्या भी दूर होनी चाहिए। यह अति आवश्यक है।
-अमित कुमार, ग्राहक, गांधी कालोनी।
बिंदल-चौड़ी गली के बाजार में काफी अच्छा सामान मिलता है। इस बाजार में घरेलू सामान से लेकर कपड़े, गिफ्ट आइटम सभी एक स्थान पर मिल जाता है। बाजार में ग्राहक और कारोबारियों के हिसाब से भी व्यवस्था होनी चाहिए।
-विकास गोयल, ग्राहक, नई मंडी।