विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतिशोध! पिता की दाढ़ी खींच दी थी आलम ने, पुत्रों ने कत्ल कर लिया बेइज्जती का बदलना

By Basant Gautam Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 30 Aug 2026 12:59 PM (IST)

पुलिस ने खतौली में सरदार आलम हत्याकांड का खुलासा किया है, जिसमें पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया है।

खतौली थाने में मुहल्ला नई आबादी के सरदार आलम हत्याकांड के राजफाश की जानकारी देतीं सीओ रुपाली राय चौधरी। जागरण

खतौली थाने में मुहल्ला नई आबादी के सरदार आलम हत्याकांड के राजफाश की जानकारी देतीं सीओ रुपाली राय चौधरी। जागरण

HighLights

  1. पिता की दाढ़ी खींचने का बदला लेने के लिए हत्या।

  2. पुलिस ने दो मुख्य हत्यारोपियों को किया गिरफ्तार।

  3. चाकू से गोदकर सरदार आलम की हत्या की गई।

संवाद सहयोगी, खतौली (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने सरदार आलम हत्याकांड का राजफाश किया है। इस मामले में दो आरोपित भाइयों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन आरोपित फरार हैं। आरोपित भाइयों का कहना है कि आलम ने उनके पिता के साथ गाली-गलौज व हाथापाई की थी। इसके बाद उनकी दाढ़ी पकड़कर खींची थी। पिता की बेइज्जती का बदलना लेने के लिए हत्या की है।

सीओ रूपाली राय चौधरी ने थाने पर शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि मुहल्ला नई आबादी में बुधवार देर रात चाकू से गोदकर सरदार आलम की हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता जमील ने कल्लू व उसके दो बेटों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्याकांड के राजफाश के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थीं।

पुलिस ने गुरुवार को चौधरी चरण सिंह गंग नहर पटरी मार्ग बालाजीपुरम के पास से मुख्य हत्यारोपित सालिम व उसके भाई शाहवेज उर्फ जादू निवासी मुहल्ला काजियान को गिरफ्तार किया था। निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर लिया गया है। हत्यारोपित सालिम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 26 अगस्त को उसके पिता सरताज उर्फ कल्लू नई आबादी में चारमिनार मस्जिद के सामने चाय की दुकान पर बैठे हुए थे।

इसी दौरान सरदार आलम ने वहां आकर उनके साथ हाथापाई और गाली-गलौज कर दाढ़ी पकड़कर खींची थी। पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए भाई शाहजेब उर्फ जादू, शादाब, पिता कल्लू उर्फ सरताज व अपने दोस्त संदीप निवासी भैंसी के साथ मिलकर हत्या करने की योजना बनाई।

बुधवार की रात सरदार आलम सोनू की दुकान के पास खड़ा मिला। उन्होंने पहले उसके साथ मारपीट की और इसके बाद सब्जी काटने वाले चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर दिनेश चंद बघेल ने बताया कि आरोपित कल्लू उर्फ सरताज, शादाब व संदीप फरार हैं। हत्यारोपितों का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा हैं। बताया कि मृतक सरदार आलम मानसिक रूप से बीमार थे।