जलभराव पर भड़के राज्यमंत्री, अफसरों को फटकार
गांधी कॉलोनी सरवट फाटक के निकट मुख्य मार्ग जर्जर हो चुका है। यहां जलभराव देख राज्यमंत्री भड़क गए। इसको लेकर स्थानीय निकाय प्रभारी और पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन । गांधी कॉलोनी, सरवट फाटक के निकट मुख्य मार्ग जर्जर हो चुका है। यहां जलभराव देख राज्यमंत्री भड़क गए। इसको लेकर स्थानीय निकाय प्रभारी और पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। राज्यमंत्री ने सड़क निर्माण को तत्काल प्रारंभ कराए जाने के निर्देश दिए। इस मार्ग का पैसा 14वें वित्त आयोग से स्वीकृत हो चुका है। पालिका प्रशासन निर्माण के लिए टेंडर छोड़ने की प्रक्रिया अपना रही है।
रविवार को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सरवट फाटक, प्रेमपुरी वार्ड में निरीक्षण किया। यहां सड़क जर्जर होकर टूटने से नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है। कीचड़ और जलभराव होने से लोगों को परेशानी हो रही है। आसपास के लोगों ने कहा कि क्षेत्रवासियों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। इस पर राज्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। मौके पर ही सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार को बुलाया। मंत्री ने कहा कि गांधी कॉलोनी, सरवट फाटक से हनुमान मंदिर तक व प्रेमपुरी में ईदगाह से फक्कर शाह चौक तक व ईदगाह से प्रेमपुरी मुख्य रोड होते हुए गंदे कुएं तक सड़क निर्माण का कार्य के निर्देश दिए गए है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार ने बताया कि इन सडकों के निर्माण का कार्य 14वें वित्त में स्वीकृत हो चुका है, जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराए जाएंगे। मंत्री कपिल देव ने कहा कि विकास एवं निर्माण कार्य भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में हैं। इस दौरान सोमनाथ भाटिया, महेंद्र, विकास आहुजा, प्रेमी छाबड़ा, जिला उपाध्यक्ष शरद शर्मा, संजय गर्ग, जिला मंत्री सचिन सिघल, पदम सिंह तोमर, रोहित जैन, सुनील जैन, मनीष रहेजा आदि मौजूद रहे।