उपद्रवियों की संपत्ति से होगी नुकसान की भरपाई, जांच टीम गठित
नागरिकता संसोधन कानून के विरोध में शहर में हुए उपद्रव में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। इसके आकलन के लिए प्रशासनिक स्तर पर टीम गठित की गई है। बवाल के दौरान देहात क्षेत्र में हुए नुकसान के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व और शहरी क्षेत्र के लिए एडीएम प्रशासन को जिम्मेदारी दी गई है। 30 दिसंबर तक पीड़ित दोनों अधिकारियों की कोर्ट में आवेदन और साक्ष्य दे सकते हैं। इसके आधार पर उपद्रवियों की संपत्ति से भरपाई की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध की आड़ में शहर में हुए उपद्रव में करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया। बवाल के दौरान देहात क्षेत्र में हुए नुकसान के आकलन के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व और शहरी क्षेत्र के लिए एडीएम प्रशासन को जिम्मेदारी दी गई है। पीड़ित 30 दिसंबर तक दोनों अधिकारियों की कोर्ट में आवेदन और साक्ष्य दे सकते हैं। इसके आधार पर उपद्रवियों की संपत्ति से भरपाई की जाएगी। इन्हीं दोनों अधिकारियों की देखरेख में आरोपितों की संपत्ति को चिह्नित किया जाएगा।
शुक्रवार को मीनाक्षी चौक और मदनी चौक पर हुए उपद्रव में कई दर्जन सरकारी और गैर सरकारी वाहनों में उन्मादियों ने आग लगा दी थी। मीनाक्षी चौक पर डिवाइडर समेत पुलिस बूथ को नुकसान पहुंचाया गया था। मुख्यमंत्री ने उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के साथ ही उनकी चल और अचल संपत्ति से नुकसान की भरपाई के निर्देश दिए हैं। बवाल में नष्ट हुई संपत्ति के आकलन के लिए दो स्तर पर कार्ययोजना बनाई गई है। पहले उपद्रव में क्षतिग्रस्त हुई संपत्ति का ब्योरा जुटाया जाएगा। इसके चलते प्रशासन ने उन लोगों से प्रत्यावेदन और साक्ष्य मांगे हैं, जिनकी चल और अचल संपत्ति को नुकसान हुआ है। 23 से 30 दिसंबर तक एडीएम राजस्व आलोक कुमार और एडीएम प्रशासन अमित सिंह की कोर्ट में पीड़ित आवेदन दे सकते हैं।
देहात क्षेत्र में हुए नुकसान से संबंधित जांच एडीएम वित्त एवं राजस्व और शहरी क्षेत्र में हुए नुकसान की जांच एडीएम प्रशासन करेंगे।
-- नुकसान के आकलन और भरपाई के लिए टीम गठित कर दी है। एडीएम प्रशासन और एडीएम वित्त एवं राजस्व को जिम्मेदारी दी गई है। उपद्रव के दौरान नुकसान की भरपाई दंगाइयों की संपत्ति से की जाएगी। उनकी संपत्ति की जांच के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
-सेल्वा कुमारी जे. जिलाधिकारी
---------------------