मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। भाजपा प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर को नवीन मंडी स्थल पर जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स के साथ अर्द्ध् सैनिक बलों का पहरा है। जानसठ तिराहा से लेकर नवीन मंडी तक क्षेत्र को छावनी में तब्दील किया गया है। पीएसी के जवान वाहनों को रोककर चेकिंग कर आगे बढ़ने की अनुमति दे रहे हैं।
ठाकुर और त्यागी समाज पर सबकी निगाह
मुख्यमंत्री की जनसभा के साथ विधानसभा क्षेत्र के ठाकुर और त्यागी समाज को लेकर सबकी निगाह लगी है। यह दोनों वर्ग भाजपा से छिटक रहा है। ठाकुर समाज ने पूर्व में समिति बनाकर अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा था, जबकि नोएडा के श्रीकांत त्यागी प्रकरण लेकर त्यागी समाज में भी रोष है। दाेनों समाज के लोगों ने भाजपा के विरोध में स्वर ऊंचे कर रखे है। ऐसे में मुख्यमंत्री की जनसभा इन दोनों धड़ों पर कितना प्रभाव डालेगी, यह कयास लगाए जा रहे हैं। साथ ही राजनीतिक गलियारों में विधानसभा का माहौल किस रूख बदलेगा। यह भी मुख्यमंत्री की जनसभा से साफ होने की उम्मीद है।
जनसभा स्थल पर पहुंच रहे लोग
मुख्यमंत्री को सुनने के लिए लोगों का जनसभा स्थल पर आना शुरु हो गया है। मुख्यमंत्री यहां पर हेलीकाप्टर से आएंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद वह मेरठ के प्रबुद्ध सम्मेलन में जाएंगे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर कड़ी व्यवस्था की गई है। नवीन मंडी के दोनों मुख्यद्वार पर पुलिस फोर्स लगाई गई है। हैलीपेड से लेकर भीतर मंच तक अर्द्ध् सैनिक बल तैनात है।