CAA हिंसा में मृत लोगों के परिजनों से मिलने आ रहे RLD महासचिव जयंत चौधरी को पुलिस ने वापस लौटाया
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर मुजफ्फरनगर में हुए उपद्रव मारे गए नूरा के परिजनों से मिलने आ रहे राष्ट्रीय लोक दल के महासचिव जयंत चौधरी को खतौली में रोका गया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर मुजफ्फरनगर में हुए उपद्रव मारे गए नूरा के परिजनों से मिलने आ रहे राष्ट्रीय लोक दल के महासचिव जयंत चौधरी को खतौली में रोका गया। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने गंग नहर के पुल पर धरना दिया और रास्ता जाम किया। जयंत चौधरी को प्रशासन ने वापस भेजा।
यह है मामला
बुधवार को रालोद के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी नागरिकता संशोधन कानून को लेकर मुजफ्फरनगर में हुए उपद्रव मारे गए नूरा के परिजनों से मिलने आ रहे थे। खतौली में ही पुलिस प्रशासन ने जयंत चौधरी रोक लिया और वापस लौटा दिया। जयंत चौधरी को रोकने से रालोद कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एसपी सिटी व सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार से कार्यकर्ताओं की नोकझोंक भी हुई।
करीब ढ़ाई घंटे तक हंगामा चला। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के समझाने पर जयंत चौधरी वापस दिल्ली चले गए और गुरुवार को दोबारा मुजफ्फरनगर आने के लिए कह गए। हंगामे से गंग नहर पुल छावनी में तब्दील रहा। जयंती चौधरी के जाने पर अधिकारियों ने राहत महसूस की।
जयंत चौधरी को मेरठ बॉर्डर पर भी रोका
पुलिस प्रशासनिक टीम ने मेरठ बॉर्डर दादरी चेकपोस्ट पर ही रालोद नेता जयंत चौधरी के काफिले को रोक दिया। रालोद कार्यकर्ताओं और नेताओं की पुलिस से झड़प हुई। दादरी में दोनों और लंबा जाम लग गया। पुलिस रालोद नेता को सलावा झाल से नहर की पटरी के रास्ते मुरादनगर, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली के लिए रवाना करने की बात कर रही थी। जिस पर रालोद नेता ने मना कर दिया। जिसके बाद जयंत चौधरी ने अपने काफिले को मोदीपुरम हाईवे के रास्ते दिल्ली निकलने की बात कही, जिसे पुलिस मान गई। दौराला सीओ जितेंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ काफिले के साथ चले। सिवाया टोल प्लाजा की लेन नंबर चार पर पहुंचते ही पहले से खड़े रालोद कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोक लिया। अपने नेता का स्वागत किया। जिस पर पुलिस ने काफी लोगों से आगे बढ़ने के लिए कहा जिस पर कार्यकर्ताओं की पुलिस से दोबारा जमकर झड़प हुई। केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। किसी तरह भीड़ को समझाया गया। जिसके बाद रालोद नेता का काफिला हाईवे दिल्ली की ओर रवाना हुआ।