एम-1, सीमाओं पर बढ़ी चौकसी, आवाजाही पर पाबंदी
कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की गति बढ़ने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 जिलों को सील किया है। इनमें जनपद की सीमा से सटे मेरठ सहारनपुर शामली जिले भी शामिल हैं। ऐसे में इन जनपदों की सीमा सील की गई है। जिसका असर मुजफ्फरनगर जिले पर भी पड़ता नजर आ रहा है। यहां भी पुलिस-प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। आवाजाही पर पाबंदी लगाई गई है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की गति बढ़ने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 जिलों को सील किया है। इनमें जनपद की सीमा से सटे मेरठ, सहारनपुर, शामली जिले भी शामिल हैं। ऐसे में इन जनपदों की सीमा सील की गई है। जिसका असर मुजफ्फरनगर जिले पर भी पड़ता नजर आ रहा है। यहां भी पुलिस-प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। आवाजाही पर पाबंदी लगाई गई है। डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने बैराज बार्डर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिले का उत्तरी छोर उत्तराखंड की सीमा से सटा होने के चलते पहले ही सील किया गया है। अब सील किए गए जिलों से जनपद में आवाजाही नहीं हो सकेगी। जिन लोगों ने दूसरे जिलों में जाने के लिए पास बनवाए थे, उनके पास निरस्त हो सकते हैं। इसके लिए अधिकारियों ने मंथन शुरू कर दिया है। वहीं, डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव पुलिस बल के साथ बुधवार को बिजनौर जिले की सीमा पर पहुंचे। गंगा बैराज पर पहुंचकर जनपद के बार्डर पर व्यवस्था देखी। एसएसी ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों से कहा कि किसी को भी सीमा पार करने की अनुमति न दी जाए। विशेष परिस्थितियों में अनुमति ली जाए। आवाजाही की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। सीमा पार करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन कराएं। पुलिसकर्मी अपने स्वयं भी सुरक्षित रहें और सैनिटाइजर व मास्क का प्रयोग करते रहें। इस दौरान सीडीओ आलोक यादव, डीएफओ सूरज, एसडीएम जानसठ कुलदीप मीणा आदि मौजूद रहे।