पत्नी को वापस लाने पुलिस लेकर पहुंचा पति
बुढ़ाना थाना परिसर में पति-पत्नी का तब विवाद जगजाहिर हुआ जब पति जानसठ पुलिस को साथ लेकर पहुंचा। पत्नी के साथ जाने से मना करने पर पति को पुलिस के साथ बैरंग लौटना पडा।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। बुढ़ाना थाना परिसर में पति-पत्नी का तब विवाद जगजाहिर हुआ, जब पति जानसठ पुलिस को साथ लेकर पहुंचा। पत्नी के साथ जाने से मना करने पर पति को पुलिस के साथ बैरंग लौटना पड़ा।
जानसठ निवासी ग्रामीण की पुत्री की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व जानसठ के ही फरमान से हुई थी। उनके दो बच्चे भी है। कुछ दिन पूर्व पति से परेशान महिला अपने पति को छोड़कर बुढ़ाना क्षेत्र के गांव अलीपुर अटेरना में अपनी बुआ के घर आकर रहने लगी थी। जानसठ में उसके पति फरमान ने तहरीर देकर उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप उसकी बुआ लगाया था। इस पर जानसठ पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कोतवाली में आमद कराई और स्थानीय पुलिस को लेकर गांव पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। जहां महिला ने पति के साथ जाने से मना कर दिया और बताया कि वह अपने पति से परेशान होकर अपनी मर्जी से यहां आई है। इस पर जानसठ पुलिस को पति के साथ बैरंग लौटना पड़ा।