दुपट्टे से गला घोटकर पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार
मोहल्ला इस्लामनगर में गुरुवार देर रात एक व्यक्ति ने मायके में अपनी पत्नी की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही। थाने पर हत्या की तहरीर दी है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मोहल्ला इस्लामनगर में गुरुवार देर रात एक व्यक्ति ने मायके में अपनी पत्नी की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही। थाने पर हत्या की तहरीर दी गई है।
इस्लामनगर निवासी श्मशाद की पुत्री शायना उर्फ हिना ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर के शाहबुद्दीनपुर निवासी आजम खान पुत्र सुल्तान से कोर्ट मैरिज की थी। यह उसकी दूसरी शादी थी। इससे पूर्व उसकी बड़ौत में शादी हुई थी। उसने पति को छोड़ दिया था। शाम हिना पति के साथ मायके आई थी। यहां उसका पति से बाइक के कागजों को लेकर झगड़ा हो गया। श्मशाद बाइक के कागज लेने चला गया, तभी आजम ने हिना का दुपट्टे से गला घोट दिया और छत से कूदकर भाग गया। श्मशाद घर लौटा तो घटना देखकर वह चौक गया। उसकी चीख सुनकर आसपड़ोस के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हिना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। श्मशाद ने बताया कि घटना के समय घर पर उसके दो छोटे पुत्र दानिश और अनस थे। उसकी पत्नी शगुफ्ता रिश्तेदारी में गई थी। अन्य पुत्रियां दिल्ली में थीं। दामाद ने उसे बाइक के कागज लाने भेजा था। उसने पुरानी बाइक खरीदी थी। गत दिनों पुलिस ने कागज नहीं होने पर बाइक को पकड़ लिया था। वह बाइक के कागजों को लेकर हिना से झगड़ा कर रहा था। उसकी पुत्री जेवर और रुपये भी लेकर आई थी, उन्हें आजम लेकर भाग गया। शमशाद ने आजम के विरुद्ध हत्या की तहरीर दी।
सीसीटीवी कैमरे से मिला सकता है क्लू
खतौली : इस्लामनगर में घटनास्थल के पास दूध डेरी संचालक के घर पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उस समय सीसीटीवी चालू थे। घटना को लेकर पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से भी क्लू हाथ लग सकते हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगालेगी।
चर्चा में रही युवतियां
खतौली : गत दिनों मोहल्ले में झगड़ा होने पर हिना की बहनों ने जमकर हंगामा किया था। सीएचसी पर भी पिता का इलाज नहीं होने पर उन्होंने हंगामा काटा था। मोहल्ले के एक व्यक्ति पर हमले की शिकायत की थी। मेला श्रावणी छड़ियान में मौत के कुएं पर डांस करने को लेकर भी हिना की बहनें चर्चाओं में रही। मोहल्ला वासियों ने उनके विरुद्ध शिकायत की थी।
इन्होंने कहा..
आजम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पत्नी का चाल-चलन ठीक नहीं था। उसे लेकर उनका आपस में झगड़ा रहता था। आजम की हिना से कहासुनी हुई थी। गुस्से में उसने पत्नी का दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या की गई है।
- संतोष कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर खतौली।