ऊर्जा निगम के एमडी का दफ्तर घेरेंगे किसान : पूरण सिंह
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि ट्यूबवेल पर मीटर लगने के विरोध में मेरठ में विद्युत विभाग के एमडी कार्यालय को 25 जून को 14 जिलों के किसान घेरेंगे। उन्होंने पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपीं।
तहसील क्षेत्र के गांव कुरालसी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने जिला कार्यकारिणी सहित कार्यकर्ताओं की बैठक की। इस दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान ट्यूबवेल पर विद्युत मीटर लगने का मुद्दा छाया रहा। ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि किसानों के मुद्दे पर संघर्ष किया जा रहा है। किसानों के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं होगा। किसानों और मजदूरों को अपने मुद्दों को एकजुट होकर आंदोलन करना होगा। उन्होंने कहा कि फसल के दाम और रोजगार सरकार से मांगे जाने चाहिए, जबकि आजकल हिंदू-मुस्लिम की बात की जा रही है। उन्होंने 25 जून को मेरठ में विद्युत विभाग के एमडी कार्यालय पर धरना देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 14 जिलों के किसान एमडी कार्यालय मेरठ में धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए क्षेत्र के सभी किसानों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में ले जाने की अपील की। इस दौरान संघर्ष समिति के अध्यक्ष ठाकुर घासीराम, कुशवाहा चौबीसी के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह बिराल, जिलाध्यक्ष दीपक सोम, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, कृष्णपाल, जयपाल, संदीप उजलायन, सत्येंद्र, नकली, ओमलाल आर्य आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।