किसानों के मुद्दों को लेकर 13 को कलक्ट्रेट का घेराव
क्षेत्र के गांव नगला पिथौरा में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन की पंचायत में आगामी 13 मार्च को कलक्ट्रेट का घेराव करने की घोषणा की गई।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन : क्षेत्र के गांव नगला पिथौरा में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन की पंचायत में आगामी 13 मार्च को कलक्ट्रेट का घेराव करने की घोषणा की गई।
शनिवार को भारतीय किसान संगठन की नंगला पिथौरा में पंचायत हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. पूरण सिंह ने कहा कि शुगर मिलें किसानों को समय पर पर्ची नहीं दे रही हैं। 60 फीसदी गन्ना खेतों में खड़ा है। मिल समय पर गन्ना भुगतान नहीं कर रही है। सरकार किसान विरोधी है। किसानों पर फर्जी मुकदमे किए जा रहे हैं। यदि 12 मार्च तक समस्याओं का समाधान नहीं होता तो 13 मार्च को भारतीय किसान संगठन कलक्ट्रेट का घेराव कर आंदोलन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं व किसानों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। अध्यक्षता ऋषिपाल प्रधान रतनपुरी ने की व संचालन कृष्णपाल सिंह ने किया। सभा में दीपक सोम को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर नियुक्त किया गया। पूर्व जिला अध्यक्ष नकुल अहलावत को मंडल महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। प्रदेश उपाध्यक्ष राधे ठाकुर, बबली शर्मा, कुशलपाल, अंकित राणा, दीपक राणा, जिले सिंह, वेदपाल समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।