दुर्गाष्टमी पर देवालयों में उमड़ी भक्तों भीड़
जिले में दुर्गाष्टमी का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। देवालयों में मां भगवती को प्रसन्न करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने कन्याओं का पूजन कर अपने व्रत का पारायण किया। कई स्थानों पर भजन-सत्संग व हवन पूजन के कायर्क्रम भी आयोजित हुए।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर: जिले में दुर्गाष्टमी का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। देवालयों में मां भगवती को प्रसन्न करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने कन्याओं का पूजन कर अपने व्रत का पारायण किया।
वासंतिक नवरात्र की दुर्गाष्टमी पर घरों में पकवान बनाए गए। मां भगवती के आठवें स्वरूप दुर्गामाता की पूजा-अर्चना की। माता को भोग लगाया। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराकर उनका पूजन किया तथा दान-दक्षिणा दी। इसके बाद भक्तों ने व्रत खोला। कन्याओं को जिमाने के लिए भक्तों में होड़ लगी रही। श्री वैष्णोदेवी मंदिर गांधी कालोनी, श्यामा-श्याम मंदिर गांधीनगर, जय मां शक्ति मंदिर पटेल नगर, जय मां शिव शक्ति मंदिर भरतिया कालोनी द्वारिकापुरी स्थित देवी मंदिर, पंचमुखी स्थित देवी, पुरानी दाल मंडी स्थित देवी मंदिर आदि में बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर दुर्गा माता की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख, शांति, समृद्धि के लिए प्रार्थना की। दोपहर बाद देवालयों में भजन-कीर्तन के आयोजन हुए। भजनों में मां का गुणगान किया गया। एक से बढ़कर एक भजनों पर भक्त झूमते रहे।