ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से मौत हुई तो गैंगस्टर में निरुद्ध होगा चालक
ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गुरुवार को शुगर मिल में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टर्स के साथ बैठक की। बैठक में तय हुआ कि फलावदा रोड पर शाम चार से रात नौ बजे तक बड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन बंद रहेगा। रात में 20-20 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ग्रुप बनाकर शुगर मिल ले जाया जाएगा। उनके आगे ऐलान करता हुआ वाहन चलेगा।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर : ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गुरुवार को शुगर मिल में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टर्स के साथ बैठक की। बैठक में तय हुआ कि फलावदा रोड पर शाम चार से रात नौ बजे तक बड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन बंद रहेगा। रात में 20-20 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ग्रुप बनाकर शुगर मिल ले जाया जाएगा। उनके आगे ऐलान करता हुआ वाहन चलेगा। सीओ ने चेताया कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से दुर्घटना में किसी की मौत होने पर चालक के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
गत दिनों फलावदा रोड पर ओवरलोड बड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग घायल भी हो चुके हैं। घटना के विरोध हंगामा हुआ था। एसडीएम अजय कुमार अंबष्ट, सीओ आशीष प्रताप सिंह, शुगर मिल के उपाध्यक्ष डा. अशोक कुमार, इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने गन्ना ढुलाई कराने वाले ट्रांसपोर्टर्स के साथ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मंथन किया। बैठक में तय हुआ की फलावदा रोड पर शाम चार से रात नौ बजे तक बड़ी ट्रैक्टर ट्रॉलियों के संचालन पर रोक रहेगी। रात 10 से सुबह पांच बजे तक पमनावली कांटे से 20-20 ट्रैक्टर ट्रॉलियों के ग्रुप को पास किया जाएगा। उनके आगे ऐलान करती गाड़ी चलेगी। ट्रैक्टरों की लाइट व हार्न दुरुस्त रखने, गति पर नियंत्रण, नशे की हालत में ट्रैक्टर नहीं चलाने, ट्रैक्टर-ट्राली पर रिफ्लेक्टर और सांकेतिक बोर्ड लगाने, ट्राली में गन्ने की ऊंचाई 12 फुट, वजन दो सौ कुंतल रखने के निर्देश दिए। सीओ ने कहा कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली से किसी की मौत होने पर चालक पर हत्या का मुकदमा दर्ज होगा व गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। इंस्पेक्टर ने कहा कि पुलिस गन्ने लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों की चेकिग करेगी। निर्देशों का पालन नहीं होने पर सख्त कार्रवाई होगी व ट्रैक्टर-ट्राली सीज की जाएगी। शुगर मिल के उपाध्यक्ष ने कहा कि गन्ने की ट्रैक्टर-ट्रालियों पर अंधेरे में दिखने वाले रिफ्लेक्टर, सांकेतिक बोर्ड लगवाए जाएंगे। अधिकारियों ने केन यार्ड में गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों का कांटे पर वजन और ट्राली में लदे गन्ने की ऊंचाई को देखा।