जिलाधिकारी ने दिया कार्य में पारदर्शिता का संदेश
कार्य में पादर्शिता और गति लाने के मकसद से लेखपालों को गुरुवार को लैपटॉप वितरिक किए गए। अहम बात यह रही है कि जो किसान विभिन्न समस्याएं लेकर
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। कार्य में पारदर्शिता और गति लाने के मकसद से लेखपालों को गुरुवार को लैपटॉप वितरित किए गए। अहम बात यह रही है कि जो किसान विभिन्न समस्याएं लेकर आए, उन्हें डीएम अजय शंकर पांडेय ने कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बना दिया और उनके माध्यम से लेखपालों को लैपटॉप दिलवाए। इस सम्मान से किसान अभिभूत हो गए। जनपद में 215 लेखपालों को लैपटॉप दिए गए।
गुरुवार सुबह नौ बजे से डीएम ने अपने कार्यालय में जन समस्याएं सुनी। कई किसान अपनी समस्या लेकर डीएम से मिले। समस्या सुनने के बाद डीएम ने सभी को विश्राम कक्ष में बैठा लिया। इसके बाद डीएम जिला पंचायत सभागार में पहुंचे, जहां लेखपालों को लैपटॉप वितरित करने थे। किसानों को भी वहीं बुला लिया। समस्या लेकर आए किसानों को अतिथि घोषित करते हुए उनके हाथों से लैपटॉप वितरित किए गए। यह देख अधिकारी-कर्मचारी और किसान समेत लेखपाल भी आश्चर्यचकित हुए। डीएम ने बताया कि शासन से प्राप्त 215 लैपटॉप का वितरण किया गया। जानसठ तहसील के 63 लेखपाल, तहसील सदर के 77 लेखपाल, तहसील बुढाना के 39 लेखपाल व तहसील खतौली के 36 लेखपालों लैपटॉप वितरित किए। उन्होंने बताया कि किसान भोपाल सिंह, अमित कुमार, करतार सिंह, संजीव, विजेंद्र, लोकेश कुमार, रेखा, सीमा के हाथों से लेखपालों को लैपटॉप वितरित कराए गए। लैपटॉप वितरण से आम जन को भी सुविधा होगी। उन्हें विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आय, जाति प्रमाण पत्र, अमल दरामद, खतौनी की त्रुटियां ठीक होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। शासन की ओर से काश्तकारों व आमजन की सुविधा के लिए लेखपालों को लैपटॉप दिए जा रहे हैं। इस दौरान एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार, तहसीलदार जानसठ पुष्करनाथ चौधरी आदि मौजूद रहे।