देश का साथ दें, घर रहकर स्वस्थ रहें : दिव्या
इंटरनेशनल महिला पहलवान दिव्या काकरान ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया है। इसमें लॉकडाउन को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। इंटरनेशनल महिला पहलवान दिव्या काकरान ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया है। इसमें लॉकडाउन को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए हैं। साथ ही कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लॉकडाउन का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने लोगों से घर पर रहकर देश का साथ देने का आह्वान किया। मूलरूप से मंसूरपुर के गांव पुरबालियान निवासी महिला पहलवान दिव्या काकरान ने देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हैं। उन्होंने देश के लिए कई मेडल जीते हैं। कोरोना के कारण सभी खेल गतिविधियों पर ब्रेक लगने के चलते इन दिनों दिल्ली में रहकर वह अपने आवास पर ही कुश्ती का अभ्यास कर रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिव्या ने सभी देशवासियों से घरों में ही रहने की अपील की है। साथ ही लॉकडाउन को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया पर भी तीखे सवाल दागे हैं। दिव्या ने कहा कि यह लॉकडाउन हमारे लिए लगा है। सब लोग प्रधानमंत्री मोदी का सहयोग नहीं कर रहे हैं। आज स्पेन, इटली, अमेरिका की हालत बुरी है। लॉकडाउन लगने के बाद भी भारत में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। सब लोग देश का साथ दें और लॉकडाउन का पालन करें। कोरोना वायरस की चेन लॉकडाउन से की तोड़ी जा सकती है। ऐसे में हम सभी को देश के बारे में सोचना होगा।