मुजफ्फरनगर में रामसेतू का निर्माण पूरा, केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने पुल पर गाड़ी चलाकर किया शुभारंभ Muzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर में संधावली ओवरब्रिज का कार्य पूरा हो गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान साथ में प्रदेश के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पुल पर गाड़ी चलाई।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मुजफ्फरनगर में 10 साल से अधूरे पड़े दिल्ली देहरादून हाईवे स्थित संधावली ओवर ब्रिज का कार्य पूरा हो गया है। रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने इसका शुभारंभ किया। पुल का नाम रामसेतू संधावली ओवर ब्रिज रखा गया है। इसके साथ ही पुल पर वन-वे व्यवस्था समाप्त हो गई और दोनों साइड से वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से बहाल हो गया है।
पुल पर मंत्रियों ने चलाई गाड़ी
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर बालियान और राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नवनिर्मित पुल पर गाड़ी भी चलाई। लोकार्पण करने के बाद उन्होंने कहा कि अधूरे पुल के पूरा होने से हादसों में कमी आएगी। बता दें कि 10 साल पहले पुल निर्माण के दौरान एक धार्मिक स्थल पुल के नीचे आने से निर्माण कार्य रोक दिया गया था। डेढ़ साल पूर्व उस स्थल को हटाया गया। इसके बाद ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अधूरे पुल का निर्माण शुरू किया था। अधूरे ओवरब्रिज के के कारण करीब 50 से अधिक लोगों की जान गई है।