बारिश से ठंड में इजाफा, कई क्षेत्रों में जलभराव
खतौली में गुरुवार रात से शुरू हुई वर्षा शुक्रवार की शाम तक हुई। बादल कभी धीरे तो कभी तेज बरसे। इससे एक बार फिर ठंड बढ़ गई।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। खतौली में गुरुवार रात से शुरू हुई वर्षा शुक्रवार की शाम तक हुई। बादल कभी धीरे तो कभी तेज बरसे। इससे एक बार फिर ठंड बढ़ गई। बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव और कीचड़ से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से दिन में कस्बे में चहल पहल कम रही।
गुरुवार की शाम से आसमान पर बादल छाए थे। रात करीब 12 बजे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला दिनभर चला। कभी धीमी गति से मेघ बरसे तो कभी झमाझम बारिश हुई। कुछ लोगों ने ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लिया। बारिश के दौरान लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। सड़कों पर चहल पहल कम रही और बाजार बेरौनक रहे। बारिश से होली चौक, मोहल्ला तगान, बालाजीपुरम, मेन रोड पर कई जगह जलभराव हुआ। वहां से गुजरने वालों को खासी परेशानी हुई। दूसरी ओर बारिश ने खेतों को पानी से लबालब कर दिया। इससे किसानों ने राहत महसूस की।