स्वच्छता से रोशन होगा गली-मोहल्ला, चलाया सफाई अभियान
दैनिक जागरण ने खतौली नगर पालिका के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। पालिका के वार्ड-15 भवानी रोड जुम्मा पैठ बाजार से ढाकन चौक तक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को स्वच्छता की जानकारी दी। लोगों को गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही कूड़ा यहां-वहां सड़क किनारे न डालने की सलाह दी गई।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। दैनिक जागरण ने खतौली नगर पालिका के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। पालिका के वार्ड-15 भवानी रोड, जुम्मा पैठ बाजार से ढाकन चौक तक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को स्वच्छता की जानकारी दी। लोगों को गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही कूड़ा यहां-वहां सड़क किनारे न डालने की सलाह दी गई।
सफाई निरीक्षक नैपाल सिंह, सफाई नायक राणा प्रताप ने कर्मचारियों की टीम के साथ भवानी रोड पर स्वच्छता अभियान चलाया। ईओ जेपी यादव, राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार ने सफाई कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए और नालियों, गलियों से कूड़ा एकत्र कराया। पालिका ने कूड़ा वाहन साथ रखा, जिसमें वार्ड के भीतर से कूड़ा उठवाकर डंपिग ग्राउंड भिजवाया। इस मौके पर ईओ ने दैनिक जागरण के स्वच्छता अभियान की सराहना की। उन्होंने दुकानदारों, लोगों से नगर क्षेत्र को सुंदर बनाने के लिए सहयोग मांगा और कूड़ा कूड़ेदान में ही डालने के लिए प्रेरित किया। फागिग और सैनिटाइजेशन की टीम भी साथ रही। सड़क किनारे कूड़ा न डालने और दुकानदारों, पटरी व्यापारियों से पालीथिन, प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की गई। बोले नागरिक..
दैनिक जागरण ने लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया है। अभियान से सकारात्मक संदेश मिलने के साथ ही लोग गंदगी, कूड़े को लेकर सतर्क हो सकेंगे। इससे वार्ड के निवासी भी अधिक सक्रिय हो पाएंगे।
-कृष्ण गोपाल, दुकानदार। सफाई के कार्य को निभाना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। दैनिक जागरण के अभियान से लोगों में जोश और उत्साह पैदा होगा, जिससे स्वच्छता अभियान को अधिक गति मिलेगी।
-राजकुमार छाबड़ा, नागरिक। स्वच्छ वातावरण में ही स्वस्थ जीवन शैली होती है। दैनिक जागरण और पालिका के अभियान से प्रेरणा मिली है। अपने आवास और दुकान के बाहर रोजाना सफाई कराते हैं।
-शाहिद कुरैशी, पूर्व सभासद। घर हो या बाहर, हम सबका कर्तव्य है कि स्वच्छता पर अधिक जोर दिया जाए। जागरण ने स्वच्छता अभियान की पहल कर नागरिकों को जागरूक करने का कार्य किया है।
-अमित ठकराल, वार्डवासी। बोले सभासद व अधिकारी.. दैनिक जागरण की पहल से लोगों को अच्छा संदेश मिलेगा। अभियान से लोग कूड़ा और गंदगी को लेकर जागरूक होंगे और सफाई के प्रति अधिक ध्यान दिया जाएगा।
-गुरुदत्त अरोरा, सभासद।
ऐसे अभियान से लोग प्रेरणा लेते हैं। नगर में सफाई अभियान का शेड्यूल बनाया गया है। लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए कूड़ा वाहनों पर संदेश के लाउडस्पीकर लगवाए गए हैं, ताकि सफाई कार्य को पुख्ता किया जा सके।
-जेपी यादव, ईओ, नगर पालिका।