दिल्ली में मन नहीं लगता, अपनों से मिलने आया हूं: अजित
रालोद प्रमुख चौधरी अजित सिंह ने लोस चुनाव के बाद सोमवार को कस्बे में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में रामराज तो आ गया है और अब अच्छे दिन भी आने वाले हैं।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। रालोद प्रमुख चौ. अजित सिंह ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा-रामराज तो आ गया है, अब अच्छे दिन भी आने वाले हैं। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार बुढ़ाना पहुंचे अजित सिंह ने कहा, दिल्ली में अकेले उनका मन नहीं लगता। वह राजनीति करने नहीं बल्कि अपने लोगों से मिलने गांव आए हैं।
सोमवार दोपहर मेरठ-करनाल हाईवे की बायवाला चौकी पर पहुंचे रालोद मुखिया का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद लोनिवि गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। किसानों का गन्ना भुगतान अटका है। बिजली की दरें बढ़ रही हैं, अर्थव्यवस्था डूब रही है लेकिन भाजपा सरकार के अनुसार रामराज आ गया है। जीएसटी लगने से व्यापारियों पर बोझ बढ़ा है। शौचालय जाने पर भी टैक्स देना पड़ रहा है। भाजपा सरकार जमीनी स्तर पर कुछ करने के बजाय युवाओं को सिर्फ सपने दिखाती है। बाकी सब मुद्दे खत्म हैं, सरकार के पास अब केवल हिदुस्तान-पाकिस्तान और कश्मीर मुद्दा रह गए हैं। अगर ये अच्छे दिन हैं तो फिर आगे राजनीति की जरूरत ही नहीं है।
उन्होंने युवा और बुजुर्ग कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस मौके पर डॉ. राजकुमार सांगवान, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, जिलाध्यक्ष अजित राठी, बाली त्यागी, राजेन्द्र राठी, गज्जू पठान, उमरदराज, सतपाल सहरावत, हाजी जमशेद, दीपक राठी, सुरेंद्र सहरावत, संजय शर्मा आदि मौजूद रहे। 'संगठन की मजबूती के लिए महिलाओं को जोड़ें'
चौ. अजित सिंह ने कहा कि आज की महिलाएं सरकार बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कार्यकर्ता ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को पार्टी से जोडे़ं। देर शाम वह मुजफ्फरनगर स्थित सिचाई विभाग के डाक बंगले पहुंचे। रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार को चरथावल और तितावी क्षेत्र में लोगों से भेंट करेंगे।