बसपा में गुटबाजी बढ़ी, पार्टी सुप्रीमों से मिलेंगे कार्यकर्ता
बसपा की गुटबाजी में पदाधिकारियों में खींचतान बढ़ती जा रही है। जिलाध्यक्ष की कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ताओं ने फिर से मोर्चा खोल दिया है। निष्कासन के आदेश को मानने से इनकार करते हुए उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती से मिलने के लिए हरिद्वार से दिल्ली तक पद यात्रा निकालने की घोषणा की है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन । बहुजन समाज पार्टी की गुटबाजी में पदाधिकारियों में खींचतान बढ़ती जा रही है। जिलाध्यक्ष की निष्कासन की कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। निष्कासन के आदेश को मानने से इन्कार करते हुए उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती से मिलने के लिए हरिद्वार से दिल्ली तक पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष पर भीम आर्मी का एजेंट होने का आरोप लगाते हुए वेस्ट यूपी प्रभारी पर पार्टी सुप्रीमो मायावती से मुलाकात कराने के नाम पर पैसे लेने का आरोप भी लगाया है।
पार्टी के पूर्व जोन इंचार्ज विकास कुमार एवं ब्रिजेश लोहड्डा ने बुधवार को पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि छह अक्टूबर को बीएसपी के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने वेस्ट यूपी प्रभारी शमशुद्दीन राईन और सहारनपुर मंडल के कोर्डिनेटर नरेश गौतम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया एवं उन्हें हटाने की मांग को लेकर पोस्टर फूंके थे। इस पर जिलाध्यक्ष कमल गौतम ने विकास कुमार व ब्रजेश लोहड्ड़ा को निष्कासित किया था। उन्होंने इस निष्कासन को नहीं मानने की बात कहीं साथ ही कहा कि वेस्ट यूपी प्रभारी और सहारनपुर मंडल के कोर्डिनेटर नरेश गौतम राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने के लिए पैसे लेते हैं। इस कारण भ्रष्ट पदाधिकारियों के कारण पार्टी की छवि खराब हो रही है। पदाधिकारियों के लिए चेतावनी दी कि यदि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने नहीं दिया जाता तो जनपद के सभी विधानसभा प्रभारियों के नेतृत्व में हरिद्वार से दिल्ली तक पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकत की जाएगी। इस दौरान विकास व ब्रिजेश के अलावा आलम त्यागी, अश्वनी कल्याणी, प्रदीप बर्मन, कुलदीप प्रधान, सावन कुमार एडवोकेट, संजीव गौतम आदि मौजूद रहे।