भाईचारा का संदेश देती है नुमाइश : सतीश महाना
मुजफ्फरनगर : जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी का सोमवार
मुजफ्फरनगर : जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी का सोमवार रात शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नुमाइश भाईचारा का संदेश देती है। सभी वर्ग के लोग इसमें आते हैं। भारतीय संस्कृति और सभ्यता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम होने चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए सरकार भरसक प्रयास कर रही है।
नुमाइश का शुभारंभ शाम छह बजे होना था, लेकिन औद्योगिक विकास मंत्री के देरी से आने और दूसरी जगह जाने से शुभारंभ देरी से हुआ। इससे पूर्व पीडब्लूडी गेस्ट हाउस पर सांसद डॉ. संजीव बालियान समेत विधायकों और भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रमस्थल पर पहुंचे मंत्री ने फीता काटकर नुमाइश का शुभारंभ किया। इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस दौरान भारत माता के जयकारे लगाए। सतीश महाना ने कहा कि नुमाइश सौहार्द का संदेश देती है। सभी वर्गो और समुदाय के लोग इसमें आते हैं। मेला व झूला समेत विभिन्न आयोजनों का बच्चे, युवा, महिलाएं लुत्फ उठाते हैं। एक प्रकार से सभी के लिए नुमाइश में कुछ न कुछ जरूर मिलता है। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि संज्ञान में आया है कि पूर्व में छेड़छाड़ को लेकर नुमाइश का आयोजन बंद हुआ। इस बारे में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस बार इस प्रकार की घटना नहीं होने देंगे। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि सांसद और विधायकों की वजह से इस बार नुमाइश लग रही है। सभी का दायित्व बनता है कि नुमाइश सफल आयोजनों के साथ सम्पन्न हो। किसी को कोई परेशानी होती है तो वे कंट्रोल रूम और अधिकारियों से शिकायत कर सकते हैं। सीधे तौर पर एक्शन होगा। नुमाइश प्रभारी एडीएम ई हरीश चंद्र ने का कहा कि छेड़छाड़ करने वालों को प्रशासन सबक सिखाएगा। नुमाइश में देर रात तक कार्यक्रम हुए। इस दौरान विधायक कपिलदेव अग्रवाल, विधायक विक्रम सैनी, पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल, सत्यपाल ¨सह पाल, डॉ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, गीता जैन, डॉ. गीतांजलि, समाजसेवी वीना शर्मा, वैभव त्यागी व नितिन मलिक आदि मौजूद रहे।