भाकियू (सर्व) लड़ेगी किसान हित की लड़ाई : शर्मा
भारतीय किसान यूनियन (सर्व) ने बैठक कर संगठन के माध्यम से किसानों की लड़ाई लड़ने की बात कही है। महंगा सिलेंडर गन्ना भुगतान खाद के बढ़े रेट आदि मुद्दे बैठक में छाए रहे।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। भारतीय किसान यूनियन (सर्व) ने बैठक कर संगठन के माध्यम से किसानों की लड़ाई लड़ने की बात कही है। महंगा सिलेंडर, गन्ना भुगतान, खाद के बढ़े रेट आदि मुद्दे बैठक में छाए रहे।
खंड विकास कार्यालय परिसर में रविवार दोपहर भाकियू (सर्व) ने बैठक आयोजित की। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज किशोर शर्मा ने बताया कि यह भाकियू (सर्व) का गठन दो माह पूर्व ही किया गया है। किसानों के मुद्दों पर चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत के साथ जेल में रहा हूं। हमेशा किसानों के हितों की लड़ाई लड़ी है। शर्मा ने बताया कि संगठन किसानों के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए बनाया है। दो साल से गन्ने का कुछ भुगतान रुका हुआ है। खाद का रेट बढ़ाने के बाद बोरे का वजन 45 किलो कर दिया है। रसोई गैस सिलेंडर के रेट आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली के मुख्यमंत्री जनता को राहत दे सकते हैं तो सूबे की जनता को सुविधाएं क्यों नहीं मिलती। जिलाध्यक्ष अंकित गुर्जर ने कहा कि मिलें गन्ने का पेमेंट नहीं रही है। यह संगठन हमेशा किसानों की लड़ाई लडे़गा। अध्यक्षता उदयवीर सिंह गुर्जर व संचालन विक्की पंडित ने किया। इस दौरान चौधरी कप्तान सिंह राणा, रघुवीर सिंह दयाल, मुकेश त्यागी, जवान सिंह, सतीश कुमार, सोमपाल सिंह, शुभम, अंकित, इरफान आदि मौजूद रहे।