'चवन्नी-रुपया' बयान पर जयन्त का जाट कार्ड, मायावती बोलीं- जाट समाज से माफी मांगें अखिलेश
अखिलेश यादव के 'चवन्नी से रुपया' वाले बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। जयन्त चौधरी ने इसे जाट ...और पढ़ें

HighLights
अखिलेश यादव के बयान पर उठा सियासी भूचाल जारी।
पश्चिमी यूपी में रालोद कार्यकर्ता कर रहे अखिलेश के खिलाफ प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। अखिलेश यादव के चवन्नी से रुपया बनाने वाले बयान पर उठा सियासी भूचाल अभी थमा नहीं है, बल्कि बढ़ रहा है। जयन्त ने अब जाट कार्ड खेल दिया है। जयन्त चौधरी ने शुक्रवार रात में एक्स पर अखिलेश के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
जयन्त ने कहा कि सियासत की लड़ाई में कुछ सस्ते शब्द बोलने ही थे तो मेरा नाम लेकर बोल देते, कोई बात नहीं थी… जाट समाज को टारगेट करना और कहना एबीसीडी हमने सिखाई? मैं इस अहंकार को देख चुका हूं, करीब से और मानता हूं ऐसा आचरण सिर्फ पतन लाता है!
उधर बसपा अध्यक्ष मायावती भी अखिलेश के विरोध और जयन्त चौधरी के पक्ष में आगे आई हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अखिलेश पूरे जाट समाज से अविलंब माफी मांगें।
अखिलेश यादव ने पिछले दिनों रालोद प्रमुख जयन्त चौधरी का नाम लिए बिना तंज कसते हुए कहा था कि पता नहीं कहां-कहां से आ गए थे गठबंधन वाले, हमने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी साथ छोड़कर चले गए…। इसके बाद रालोद की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। पश्चिमी यूपी में रालोद कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर रालोद कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख के पुतले फूंके।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने शनिवार सुबह एक्स पर लिखा कि जैसा कि सर्वविदित है कि समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख द्वारा अपनी पुरानी सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल व उस पार्टी के नेता केन्द्रीय मंत्री के बारे में यह सार्वजनिक बयान देना कि ’हमने इनको चवन्नी से रुपया बना दिया है’, यह कहना पूर्णतः अमर्यादित, अशोभनीय व अति-शर्मनाक है तथा इस प्रकार की अहंकारी व अलोकतांत्रिक बयानबाज़ी के लिये उन्हें उस पार्टी से व उनके नेता से ही नहीं बल्कि स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी के परिवार का अपमान करने हेतु पूरे जाट समाज से भी अविलम्ब माफी माँगनी चाहिये तो यह उचित होगा।
