कर्ज में डूबे किसान ने लगाई फांसी
शुकतीर्थ में कर्ज में डूबे किसान ने जंगल में नलकूप पर जाकर पेड से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का
मुजफ्फरनगर, जेएनएन।कर्ज में डूबे किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
भोपा थानाक्षेत्र के शुकतीर्थ निवासी पूर्व प्रधान सुमित्रा देवी के देवर तारा सिंह सैनी बुधवार रात खेतों की रखवाली करने गए थे। गुरुवार सुबह घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी सुमन देवी खेत पर खाना लेकर पहुंचीं। नलकूप के बराबर अमरूद के पेड़ के नीचे पति को मृत हालत में पड़े देख उनके होश उड़ गए। गले में कपड़े का फंदा लगा था। संभवत: वजन ज्यादा होने के कारण फांसी लगाने में प्रयुक्त कपड़ा फट गया, जिससे वह नीचे गिर गए। पुलिस चौकी प्रभारी सुनील अत्री पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। शव पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के बड़े भाई ज्ञान सिंह सैनी ने बताया कि उनके भाई ने पंजाब एंड सिध बैंक मोरना से साढ़े तीन लाख व किसान सेवा सहकारी समिति से एक लाख रुपये कर्ज लिया था। पिछले वर्ष दुर्घटना में घायल होने पर उनके उपचार में लाखों रुपये खर्च हो गए। बेटे की शादी में भी रिश्तेदारों से कर्ज लिया था। कर्ज चुकता न होने के कारण वह तनावग्रस्त था। इसी तनाव में उसने आत्महत्या की है। मृतक के बेटे अरुण ने थाने में तहरीर दी है। परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा है।