मुजफ्फरनगर में रोडवेज बस की टक्कर से दो बाइकों पर सवार पांच लोगों की मौत, गोद में बैठी 3 साल की बच्ची की भी गई जान
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में भैसाना गांव के पास रोडवेज बस और दो बाइकों की टक्कर में पांच लोगों ...और पढ़ें

हादसे के बाद खड़ी बस।
HighLights
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में रोडवेज बस-बाइक की टक्कर।
पुलिस मौके पर पहुंची, घटना की जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। बुढ़ाना क्षेत्र के भैसाना गांव के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोडवेज बस की टक्कर से दो बाइक सवार सड़क पर गिर गए। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई। घटना के बाद रोडवेज चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसा गांव भैंसाना के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पहली बाइक पर इदरीश और साजिद सवार थे। दोनों मौसेरे भाई थे। वर्तमान में मोहल्ला खैल, कांधला (शामली) में रह रहे थे, जबकि मूल रूप से भौराकलां क्षेत्र के गांव सावटु के रहने वाले थे। दोनों मुजफ्फरनगर से काम निपटाकर अपने गांव लौट रहे थे। घर पहुंचने से पहले ही काल ने उन्हें घेर लिया।
दूसरी बाइक पर फरमान अपने जीजा मोमीन और अपनी तीन साल की मासूम बेटी अल्लो के साथ सवार था। फरमान निवासी तमेला गढ़ी, बागपत अपनी बेटी और जीजा के साथ मुजफ्फरनगर से लौट रहा था। पिता की गोद में बैठी नन्हीं अल्लो को क्या पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर होगा।
भैसाना के पास हुआ हादसा दो परिवारों के लिए ऐसा कहर बनकर टूटा कि एक साथ पांच चिराग बुझ गए। दोनों बाइक मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही थीं और अपने घरों की ओर जा रही थीं, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सब कुछ खत्म कर दिया।
सवारी की होड़ में गई पांच की जान, ओवरटेक के चक्कर में बाइकों को रौंदा
भैसाना के पास हुए दर्दनाक हादसे की असली वजह रोडवेज बसों की आपसी होड़ निकली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो रोडवेज बसें एक-दूसरे से आगे निकलने और आगे की सवारी उठाने की होड़ में दौड़ रही थीं। इसी होड़ में बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर जा रही बस ने ओवरटेक करने की कोशिश की और सामने से आ रही तीन बाइकों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। तब तक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो गंभीर घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक अपाची बाइक सवार को मामूली चोट आई, वह अपनी बाइक लेकर गंतव्य की ओर चला गया। उसका नाम पता नही चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अक्षय संजय महादिक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार रोडवेज चालक की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि अभी की तक मामले की तहरीर नही मिली है। स्वजन को सूचित कर दिया गया है।
ग्रामीणों में रोडवेज चालकों की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सवारी भरने के चक्कर में बस चालक आए दिन ओवरटेक कर जान जोखिम में डालते हैं। आज उसी लापरवाही की कीमत पांच बेगुनाहों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
मृतकों के नाम
- मोमीन पुत्र मंजूरा निवासी राजपुर गढ़ी, मुजफ्फरनगर (25 वर्ष)
- अल्लो पुत्री फरमान निवासी तमेला गढ़ी, बागपत (3 वर्षीय)
- इदरीश पुत्र कपुरा निवासी मोहल्ला खैल, कांधला, शामली
- फरमान पुत्र उमरदीन निवासी तमेला गढ़ी, बागपत (25 वर्ष)
- साजिद पुत्र समयदीन निवासी मोहल्ला खैल, कांधला, शामली (24 वर्ष)
