भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए 37 ने ठोकी ताल
भाजपा जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में जनपद के 37 कार्यकर्ताओं ने ताल ठोकी है। उन्होंने जिला चुनाव अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपे हैं। उम्र की बाध्यता के चलते कई युवा और बुजुर्ग कार्यकर्ता का जिलाध्यक्ष बनने का सपना टूट गया। पार्टी हाईकमान से हरी झंडी नहीं मिलने से वर्तमान जिलाध्यक्ष ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। सत्ताधारी दल के इस प्रतिष्ठित पद के लिए केवल दो महिलाओं ने नामांकन किया है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। भाजपा जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में जनपद के 37 कार्यकर्ताओं ने ताल ठोकी है। उन्होंने जिला चुनाव अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपे हैं। उम्र की बाध्यता के चलते कई युवा और बुजुर्ग कार्यकर्ताओं का जिलाध्यक्ष बनने का सपना टूट गया। पार्टी हाईकमान से हरी झंडी न मिलने पर वर्तमान जिलाध्यक्ष ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। सत्ताधारी होने के नाते खास जिलाध्यक्ष पद के लिए केवल दो महिलाओं ने नामांकन किया है।
बुधवार को गांधी कालोनी स्थित भाजपा कार्यालय पर जिला चुनाव अधिकारी सत्यदेव पचौरी और सह जिला चुनाव अधिकारी सुमन त्यागी ने जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई। सबसे पहले कार्यकर्ताओं ने नामांकन पत्र लिए। इन्हें भरने के बाद नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन के दौरान पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। दोपहर तक कुल 37 कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन किया। वहीं, प्रांतीय परिषद के प्रतिनिधि के लिए नौ कार्यकर्ताओं ने उम्मीदवारी जताई है। नामांकन के बाद चुनाव अधिकारी और सह चुनाव अधिकारी ने पत्रों की जांच की। इसके बाद नाम वापसी के लिए कार्यकर्ताओं को समय दिया, लेकिन किसी ने नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। सत्यदेव पचौरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी नामांकन पत्रों को लखनऊ भेजा जाएगा। वहां प्रदेशीय कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसके बाद जिलाध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने बताया कि उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। कुल 37 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जिलाध्यक्ष की घोषणा लखनऊ से की जाएगी। नामांकन दाखिल करने वालों में मुख्य रूप से पंकज त्यागी, सुशील त्यागी, श्रीमोहन तायल, राजकुमार सहरावत, हरीश अहलावत, अरविद राज शर्मा, अशोक बाटला, अशोक पुंडीर, रामबोल सिंह, वैभव त्यागी, जितेंद्र त्यागी, नवीन सैनी, शरद शर्मा, विनीत कात्यान, विजय शुक्ला, मदन छाबड़ा, यनेश तंवर, सुनीता शर्मा, बबीता गुप्ता आदि शामिल रहे।
-------------------
उम्र के बंधन से कार्यकर्ता हुए मायूस
पार्टी हाईकमान की ओर से निर्देश दिए गए थे कि केवल 40 से 55 साल वाले सक्रिय कार्यकर्ता ही जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने के पात्र होंगे। इस नियम को तोड़ने वालों ने यदि नामांकन किया तो निरस्त कर दिया जाएगा। उम्र की बाध्यता के चलते कई युवाओं और बुजुर्गों को मायूसी हाथ लगी। जिला चुनाव अधिकारी ने उनसे कहा कि सभी धैर्य रखें और पार्टी हाईकमान के निर्देशों का पालन करें।