भरभराकर गिरा काली नदी का 200 साल पुराना पुल, बाल-बाल बचे अधिकारी Muzzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर शहर में काली नदी पर बना करीब 200 साल पुराना पुल अचानक गिर गया। पुल गिरने से वहां अफरातफरी मच गई।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मुजफ्फरनगर शहर में काली नदी पर बना करीब 200 साल पुराना पुल अचानक गिर गया। पुल गिरने से वहां अफरातफरी मच गई। साइट पर अन्य निर्माण कार्यो में लगी सेतु निगम अधिकारी व कर्मचारियों की टीम गिरे पुल की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। करीब दो वर्ष पूर्व पुल पर आवागमन बंद कर दिया था, जिससे आम लोग पुल की चपेट में आने से बच गए।
आवागमन करा दिया था बंद
दरअसल, शहर में काली नदी पर अंग्रेजों के समय में पुल का निर्णाम हुआ था। पुल की मियाद खत्म होने के चलते करीब दो वर्ष पूर्व पुल पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। वहीं इसके बराबर में सेतु निमग ने नया पुल बनाकर वाहनों के लिए खोल दिया था। करीब 6 करोड़ की लागत ने एक अन्य पुल पर सेतु निमग अभी कार्य कर रहा था। इन दोनों पुल के बीच में पड़ने वाला करीब 200 वर्ष पुराना पुल सोमवार की दोपहर अचानक गिर गया। पुल गिरने की तेज आवाज से आसपास के दुकानदार व राह चलते लोगों में अफरातफरी मच गई। पुल के मलबे की चपेट में आए विद्युत तार टूटकर गिर गए। मौके पर ही चल रहे अन्य निर्माण कार्यों में लगे सेतु निगम के अधिकारी वहां से दौड़ पड़े। काफी देर बाद गिरे पुल के मलबे को देखने के लिए अधिकारी नीचे नदी तक पहुंचे।
इन्होंने बताया
सेतु निगम के अधिशासी अभियंता जेएस स्याना ने बताया कि जो पुल गिरा है वह करीब 200 साल पुराना था। हमारी टीम साइट पर अन्य पुल निर्माण का कार्य कर रही थी। गनीमत रही कि कोई भी अधिकारी व मजदूर इसकी जद में नहीं आया। उन्होंने बताया कि जो पुल गिरा है। उसी के उपर टीनशेड डालकर उनके अधिकारियों ने कैंप कार्यायल बनाया हुआ था। गनीमत रही उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था।