अमरोहा में युवक की गोली मारकर हत्या, कब्रिस्तान के पास मिली लाश Amroha news
युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सोमवार की रात से लापता था।
अमरोहा: युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सोमवार की रात से लापता था। उसका शव कब्रिस्तान में पड़ा मिला। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कुरैशी की है। मंगलवार सुबह यहां अकबरपुर पट्टी को जाने वाले मार्ग पर स्थित कब्रिस्तान में युवक का शव पड़ा था। इसे देख कर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी आ गई। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद बिलाल पुत्र मोहम्मद तैयब निवासी मुहल्ला अफगानान के रूप में हुई।
रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे
सूचना मिलते ही उसके परिवार के कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर आ गए। बिलाल के सिर में पीछे की तरफ से गोली मारी गई थी। इसके साथ ही शरीर पर भी चोटों के निशान थे। सम्भवत उसकी पिटाई भी की गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
घर से खाना खाकर निकला था बिलाल
मृतक के भाई रियाज ने बताया कि बिलाल सोमवार रात लगभग आठ बजे खाना खा कर घर से निकला था। उसके बाद वापस नही लौटा। इस मामले में परिजनों ने तहरीर दे दी है। पुलिस ने शक के आधार पर एक महिला को हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है।