नमूनों की रिपोर्ट आने तक श्रमिकों को आश्रय स्थल में रखें
नमूनों की रिपोर्ट आने तक श्रमिकों को आश्रय स्थल में रखें ।
मुरादाबाद, जेएनएन। दूसरे राज्यों से आ रहे श्रमिक प्रशासन के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। इसके लिए अब उन श्रमिकों के नमूने लेने के बाद रिपोर्ट आने तक आश्रय स्थल पर ही रखा जाएगा। इससे श्रमिक के परिवार के सदस्य भी सुरक्षित रहेंगे और उसे इलाज भी समय से मिल जाएगा।
शनिवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में छापा मार दिया। उन्होंने कर्मचारियों के बारे में पूछने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की। अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला अस्पताल की नई बिल्डिग में भर्ती कोरोना पॉजिटिव मरीजों की स्थिति और विवेकानंद नर्सिंग कालेज की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना की रिपोर्ट आने तक श्रमिकों को आश्रय स्थल में ही रोका जाएगा। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे घर भेज दिया जाएगा। पॉजिटिव आती है तो उसका इलाज यहीं किया जाएगा। इसके साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के स्टाफ को भी अलर्ट रहने पर जोर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने बताया जिलाधिकारी के निर्देशानुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।