पत्नी के भाई ने थप्पड़ मारा तो कर लिया दूसरा निकाह Moradabad News
मोबीन ने पत्नी के भाई के थप्पड़ मारने से गुस्सा होकर दूसरा निकाह कर लिया। पहली पत्नी की शिकायत पर एसओ महिला थाना ने उसे बुलाया।
मुरादाबाद, जेएनएन। थाना बिलारी के सहसपुर गांव मोबीन ने पत्नी के भाई के थप्पड़ मारने से गुस्सा होकर दूसरा निकाह कर लिया। पहली पत्नी की शिकायत पर एसओ महिला थाना ने उसे बुलाया। वह आठ दिन में एक बार पहली पत्नी के साथ रहने को राजी हो गया। साथ ही पहली पत्नी को सप्ताह में खर्चे के लिए एक हजार रुपये देने का वादा किया।
पीतल फर्म में बर्तनों की ढलाई का काम करने वाले मोबीन की शादी रतनपुर कलां गांव में हुई थी। उसको पहली पत्नी से पांच बेटी और एक बेटा है। पत्नी के कहने पर उसने पाकबड़ा में घर बना लिया था। वहां पत्नी से विवाद होने पर उसके भाई ने मोबीन को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह पाकबड़ा नहीं गया। पत्नी से कहा कि सहसपुर मेें रहो। वह नहीं मानी। इसकी वजह से विवाद बढ़ता गया। रिश्तेदार यामीन पहलवान ने भी दंपती को बैठकर समझाया। लेकिन, पति ने नहीं सुनी। उसने सात महीने पहले बिहार की युवती से दूसरा निकाह कर लिया। पहली पत्नी को मोबीन के दूसरे निकाह करने का पता लगा तो उसने एसएसपी से शिकायत करके इंसाफ की गुहार लगाई। एसएसपी के यहां से मामला महिला थाने पहुंच गया।
एसओ महिला थाना ज्योति सिंह ने बताया कि दंपती की बातचीत कराई गई। काउंसिलिंग के बाद दोनों अपनी शर्तों पर फिर से साथ रहने को राजी हो गए। पति ने कहा वह आठ दिन मेें एक बार पहली पत्नी के पास रहेगा। बच्चों से मिलने आता रहेगा। साथ ही सप्ताह में एक हजार हजार रुपये खर्चे के लिए भी देगा।