ईंट भट्ठे पर गया था मजदूरी करने, ट्रेन से कटकर हो गई मौत Sambhal News
सम्भल निवासी एक मजदूर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में गत्ते से भरा ट्रक पलटने से लोग बाल-बाल बचे।
सम्भल, जेएनएन। परिवार के भरण-पोषण के लिए मजदूरी के लिए आजमगढ़ ईंट भट्ठे पर गए मजदूर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है।
यह है पूरा मामला
थाना हयातनगर क्षेत्र के बबैना निवासी जय सिंह (28) पुत्र डोरीलाल ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। वह यूपी के आजमगढ़ जिले में ही रहता था। सम्भल के अन्य लोग उसके साथ ही रहते थे। परिवार के मुताबिक वह पास के जिले जौनपुर में मजदूरी करने के लिए गया था। वहां से वह आजमगढ़ लौट रहा था। ट्रेन पर चढ़ते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। युवक शादीशुदा था। उसके दो बच्चे भी हैं। सूचना मिलने पर गांव में रिश्तेदार पहुंच गए। आसपास के लोगों की भी भीड़ जुट गई।
कोहरे में पलटा ट्रक
हयातनगर थाना क्षेत्र के संभल गवां मार्ग पर रायपुर में कोहरे में गवां से सम्भल की तरफ जा रहा गत्ते से भरा ट्रक पलट गया। हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब कोहरा था। इस दौरान सड़क पर कम ही वाहन चल रहे थे अन्यथा ट्रक की चपेट में आकर अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो सकते थे। हादसे के बाद चालक एवं परिचालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर हयातनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने दी जान
सौंधन। हयातनगर थाना क्षेत्र के नूरपुर में पारिवारिक कलह के चलते महिला सरोज(30) पत्नी जितेंद्र ने जान दे दी। घर के झगड़े की वजह से महिला ने शुक्रवार की शाम को कीटनाशक खा लिया था। हालत बिगडऩे पर परिजन परेशान हो गए थे। आनन-फानन में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के दौरान शनिवार की देर रात महिला की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर महिला के मायके वालों ने दहेज के लिए मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।