यूपी टीईटी 2022 देते समय अभ्यर्थी को हुई प्रसव पीड़ा, अस्पताल में बेटी का हुआ जन्म
UP TET 2022 गजरौला के रमाबाई डिग्री कोलेज में यूपी टीईटी 2022 की दूसरी पाली में परीक्षा देते समय एक गर्भवती अभ्यार्थी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां महिला ने बेटी को जन्म दिया। दोनों स्वस्थ हैं।
अमरोहा, जेएनएन। UP TET 2022 : गजरौला में स्थित रमाबाई डिग्री कोलेज में शिक्षक पात्रता परीक्षा की दूसरी पाली में परीक्षा देते समय एक गर्भवती अभ्यार्थी को अचानक से प्रसव पीड़ा हो गई। आनन-फानन में महिला अभ्यार्थी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर उन्होंने बेटी को जन्म दिया। इससे स्वजन के चेहरे खिल गए। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम अरुण कुमार भी मौके पर पहुंचे गए।
जिला सम्भल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव नंदपुर बीटा निवासी कपिल कुमार अपनी पत्नी रेनू को लेकर गजरौला के रमाबाई डिग्री कॉलेज में शिक्षक पात्रता परीक्षा देने आए थे। उनकी पत्नी गर्भवती भी हैं। पहली पाली की परीक्षा देने के बाद उनकी पत्नी रेनू दूसरी पाली के परीक्षा दे रही थी कि परीक्षा छूटने से 20 मिनट पहले ही अचानक से रेनू को प्रसव पीड़ा होनी शुरू हो गई। परीक्षा केंद्र में रेनू ने इसकी जानकारी शिक्षकों को दी तो हलचल मच गई। आनन-फानन में सरकारी एंबुलेंस को परीक्षा केंद्र पर बुलाया और फिर पास के ही सरकारी अस्पताल में गर्भवती अभ्यर्थी को भर्ती करवा दिया।
यहां पर गर्भवती ने बेटी को जन्म दिया। सकुशल बेटी को जन्म देने के बाद स्वजन के चेहरे खिल गए। बेटी के पिता कपिल ने अस्पताल स्टाफ को मिठाई भी खिलाई। उधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम अरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह से महिला के बारे में भी जानकारी ली। चिकित्सा अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि अभ्यार्थी ने बेटी को जन्म दिया है। दोनों स्वस्थ हैं।
पहले कराया छूटे लोगों का सर्वे, अब ढूंढ-ढूंढ कर लगाई जा रही वेक्सीन : नगर पालिका प्रशासन ने कोरोना टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए पहले वार्ड वार लोगों का सर्वे कराया और शनिवार से वेक्सीनेशन के लिए अभियान छेड़ दिया। 15 से 18 साल, बुजुर्गों व युवाओं को पकड़कर टीकाकरण किया और कोरोना से बचाव के तौर तरीके बताए। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सरकार ने 15 से 18 साल के छात्र छात्राओं को टीका लगाने के आदेश दिए हैं। जिस पर प्रशासन लगातार काम कर रहा है। लक्ष्य को पाने के लिए नगर पालिका प्रशासन गंभीर है।
अधिशासी अधिकारी डा.बृजेश के नेतृत्व में कर्मचारियों ने पहले पालिका क्षेत्र में ऐसे लोगों को चिन्हित किया, जिनको टीका नहीं लगा है। शनिवार की सुबह कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ ऐसे लोगों का टीकाकरण चालू कर दिया। सात वार्डों में घूम-घूमकर टीकाकरण कार्य चला। दुकानदार, रेहड़ी ठेला, फड़ आदि स्ट्रीट वेंडर्स, आटो चालक, ई-रिक्शा चालकों को भी पकड़ा और वेक्सीनेशन कराया। इस दौरान ईओ के अलावा डा.सुरेंद्र सिंह, कर अधीक्षक ओमवीर सिंह आदि मौजूद रहे।